– सी-13 कोच की सीट नंबर 50 का कांच टूटा, यात्रियों में दहशत

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। हजरत निजाद्द्दीन से चलकर रानी कमलापति जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस पर रविवार को एक बार फिर पथराव हो गया। आगरा से झांसी रेलखंड पर हेतमपुर-सिकरौदा के बीच अराजकतत्वों ने ट्रेन के सी-13 कोच पर पत्थर मारे। इसके चलते कोच की सीट नंबर 50 का कांच टूट गया। पथराव होने के बाद सीट और कोच में सवार यात्री दहशत में आ गए। ट्रेन की ग्वालियर और झांसी स्टेशन पर जांच की गई। आरपीएफ ने ट्रेन पर पथराव करने वालों की तलाश शुरू कर दी है।

हजरत निजामुद्दीन से चलकर रानी कमलापति स्टेशन जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस रविवार शाम को 5:07 बजे हेतमपुर स्टेशन से सिकरौदा स्टेशन की ओर बढ़ रही थी। इस दौरान अराजक तत्वों ने ट्रेन पर पत्थर मारने शुरू कर दिए। ट्रेन में पत्थर लगने की आवाज से यात्री दहशत में आ गए। एक पत्थर सी-13 कोच की सीट नंबर 50 के शीशे में लगा। पत्थर लगने से शीशा टूट गया। सीट नंबर 50, 51 और 52 पर रानी कमलापति के लिए यात्रा कर रहे बुजुर्ग दंपती डर गए। उन्होंने तत्काल ट्रेन के सीटीआई को सूचना दी। सीटीआई ने बुजुर्ग दंपती काे दूसरी सीट पर बिठाया और कंट्रोल रूम को जानकारी दी।

कंट्रोल रूम में जानकारी मिलने के बाद ट्रेन को ग्वालियर स्टेशन पर आरपीएफ कर्मियों ने अटैंड किया। यहां टूटे हुए शीशे पर टेप लगाया गया। इसके बाद ट्रेन को झांसी रवाना किया गया। झांसी पहुंचने पर भी आरपीएफ ने ट्रेन की जांच की। आरपीएफ इंस्पेक्टर रवींद्र कौशिक के मुताबिक ट्रेन पर पथराव करने वाले की तलाश की जा रही है।

छह महीने में 38 बार हो चुका पथराव

हजरत निजामुद्दीन-रानीकमलापति वंदेभारत एक्सप्रेस पर बीते छह महीने में 38 बार पथराव हाे चुका है। पथराव के चलते ट्रेन के कई बार शीशे टूट चुके हैं। इनको रानी कमलापति स्टेशन पर बदलवाया जाता है। सबसे ज्यादा पथराव की घटनाएं आगरा-झांसी के बीच हुई हैं। आरपीएफ ने पिछले दिनों ग्वालियर के पास से एक युवक को पकड़ा भी था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *