अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। झांसी के 58 बड़े कारोबारियों को झांसा देकर 60 करोड़ ठग लेने वाले जालसाज ओमप्रकाश अग्रवाल के तमाम कारनामे रोजाना सामने आ रहे हैं। पुलिस की पड़ताल में मालूम चला कि शातिर जालसाज कारोबारियों को ठगने के लिए जमकर चमक-दमक का इस्तेमाल करता था। ओमप्रकाश ने खुद को आयात-निर्यात करने वाली कंपनी का मालिक बता रखा था। कंपनी के लिए तैयार कराए ब्रोशर में उसने अमेरिकी राष्ट्रपति की तस्वीर छपवा रखी थी। इसे दिखाकर वह कारोबारियों को मूंगफली समेत दलहन, तिलहन अमेरिका भेजकर मोटा मुनाफे में हिस्सेदारी का लालच देता था।

कारोबारियों को पैसा लगाने की एवज में जालसाज न सिर्फ मुनाफा देने का लालच देता था बल्कि ऊंचे ब्याज पर पैसा भी लौटाने की बात कहता था। इसमें फंसकर कई जाने-माने कारोबारी करोड़ों गवां बैठे। सीपी मिशन कंपाउंड निवासी मनोज कुमार अग्रवाल, दीप कुमार अग्रवाल, रचना अग्रवाल ने भी सीपरी बाजार पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। बताया, मार्च 2022 में शातिर जालसाज ओमप्रकाश अग्रवाल पुत्र एवं पत्नी के साथ उसके घर आया। उसने अमेरिकी राष्ट्रपति वाला ब्रोशर दिखाते हुए कहा कि भारत से मूंगफली, दलहन, तिलहन आदि का निर्यात होना है। चार करोड़ रुपये से नीचे का अनाज एक्सपोर्ट नहीं होगा। ओमप्रकाश ने उससे 70 लाख रुपये इनवेस्ट करने को कहा। इस पर 40 फीसदी लाभ होने की गांरटी दी। मनोज का कहना कि ओमप्रकाश के झांसे में आकर उन्होंने पूरा पैसा दे दिया। इसी तरह अन्य कारोबारियों ने भी पुलिस को उसके ठगी के बारे में बताया। इन सब लोगों ने पुलिस को तहरीर भी दी है। एसी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि कई कारोबारी इस तरह की ठगी का शिकार हुए हैं। इनकी शिकायतें मिली हैं। इसकी पड़ताल कराई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *