अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मऊरानीपुर की विधायक डा. रश्मि आर्या के भाई पर उसकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही पति उसका उत्पीड़न कर रहा है। यहां तक कि उससे जान का खतरा भी बना हुआ है। शिकायत के बाद भी विधायक ध्यान नहीं दे रही हैं।
विधायक डा. रश्मि आर्या के भाई अंकित वर्मा और ग्वालियर निवासी सोनम सिंह की शादी जुलाई 2015 में हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनके एक बेटी भी है। दो दिन पहले सोनम ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पति उसे जान से मारने की फिराक में है और इसके लिए वह अवैध पिस्टल रखे हुए हैं। इस पर पुलिस ने उसे अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, बुधवार को उसे जमानत मिल गई। वहीं, सोनम सिंह ने आरोप लगाया कि अंकित वर्मा शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित करता आ रहा है। वह शराब पीने का आदी है। मना करने पर मारपीट तक करता है। सोनम ने बताया कि इसकी शिकायत वे कई बार विधायक से भी कर चुकी हैं, लेकिन उन्होंने भी कभी भाई को नहीं समझाया। सोनम ने पति से जान का खतरा बताया।