– मायके पक्ष के आरोप पर पुलिस ने पति सहित छह के खिलाफ दर्ज किया दहेज हत्या का मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा/ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत हो गई। ससुरालीजनों ने अज्ञात कारण के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या करना बताया है। वहीं, मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न करने पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मड़ावरा थाना पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर पर मृतका के पति सहित छह के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है
कस्बा मड़ावरा निवासी महक उर्फ भूरी उर्फ हरकुंवर (22) पत्नी अंकेश कुशवाहा को बुधवार की रात उसके ससुरालीजन मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संदिग्ध परिस्थिति में अचेतावस्था में लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मृतका महक के मायके पक्ष के लोग ग्राम बंगरिया थाना पाली मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता ने बताया कि उन्होंने महक की शादी जून 2020 में अंकेश पुत्र अशोक कुशवाहा निवासी कस्बा मड़ावरा से की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालीजन महक को मायके से पांच लाख रुपये व बाइक लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे। आए दिन मारपीट करते थे। 27 सितंबर को महक ने अपने पिता को फोन कर कहा कि उसे यहां से ले जाओ। तभी महक के देवर दीपक ने मोबाइल छीन लिया था। इस दौरान मोबाइल पर कॉल चालू रही। पता चला कि पति अंकेश, ससुर अशोक, सास मुन्नी, देवर दीपक व ननद रागिनी, रॉकी महक की पिटाई की। महक के चिल्लाने की आवाज मोबाइल पर सुनाई दी। रात करीब दस बजे ननद रागिनी ने फोन कर बताया कि महक ने फांसी लगा ली है। पिता ने बताया कि जबतक वह लोग पहुंचते तब तक महक को अस्पताल ले जाया जा चुका था। ससुराली पुत्री के शव को अस्पताल में ही छोड़कर भाग गए
मायके पक्ष ने काटा जमकर हंगामा
महक की मौत होने की सूचना पर मायके पक्ष कस्बा मड़ावरा अस्पताल पहुंच गए थे। यहां ससुरालीजनों पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मड़ावरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाने का प्रयास किया। मायके वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की बात पर अड़े रहे। बाद में आश्वासन मिलने पर वह शांत हुए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। पिता की तहरीर पर पति सहित छह ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
जय प्रकाश चौबे, थाना प्रभारी निरीक्षक, मड़ावरा