अमर उलाला ब्यूरो
झांसी। झांसी-कानपुर हाइवे पर शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले इंजीनियर की मौत हो गई। वह कोटा राजस्थान का रहने वाला था। यहां जल जीवन शक्ति मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाने की कंपनी में काम करता था। सुबह घर से वह साइट पर जाने के लिए निकला था तभी हादसा हो गया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अस्पताल लाने पर उसकी मौत हो गई। कोटा रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले विनोद सेन (31) पुत्र बाबूलाल सेन हैदराबाद की एनसीसी कंपनी में इंजीनियर था। इन दिनों कंपनी जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना का काम कर रही है। विनोद के जिम्मे चिरगांव इलाका था। यहां वह पहाड़ी गांव के पास किराये का कमरा लेकर रहता था। शुक्रवार सुबह बाइक से नाश्ता करके साइट जा रहा था। रास्ते में उसे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। कुछ देर बाद उसे तलाशते हुए उसे दोस्त पहुंचे तब वह सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। दोस्त उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उसकी मौत हो गई। उसके साथ काम करने वाले संतोष के मुताबिक विनोद मां-बाप का इकलौता पुत्र था। विनोद की तीन साल की बेटी है। उनकी मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग राजस्थान से यहां के लिए रवाना हो गए। उनके यहां आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।