अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर निगम सदन की मरम्मत के लिए 35 लाख रुपये खर्च कर दिए गए। मगर छह में से चार एसी खराब पड़े हैं, जिन्हें सुधारा ही नहीं गया। इसके बावजूद 23 जून को होने वाली सदन की बैठक में मेयर, जनप्रतिनिधि और पार्षदों को गर्मी में बैठना पड़ेगा।
नगर निगम में पहली मंजिल पर बने सदन को नए सिरे से तैयार किया गया है। सदन में एकॉस्टिक साउंड सिस्टम लगाया गया है। साउंड सिस्टम के लगने के बाद सदन के अंदर होनेवाला शोर शराबा अब बाहर नहीं आ पाएगा। सदन में 100 लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है। सीटों को अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। सदन में बने मंच को भी बड़ा और बेहतर बनाया गया है। ये काम कराने में नगर निगम के करीब 35 लाख रुपये खर्च हो गए। बताया गया कि सदन में लगे छह में से चार एसी खराब हैं। सदन के जीर्णोद्धार का काम जब पूरा हुआ और एसी चलाकर देखे गए तो सिर्फ दो ही चले। इससे सदन में ठंडक ही नहीं हुई। ये हाल तब है, जब यहां पर चुनिंदा लोग थे। जब मेयर, जनप्रतिनिधि के साथ-साथ 60 पार्षद यहां होंगे, तब तो सदन में और अधिक गर्माहट हो जाएगी।
नगर निगम सदन का जीर्णोद्धार का काम करीब-करीब पूरा हो गया है। कुछ एसी खराब हैं। अगर वह सुधारने लायक हैं तो उनकी मरम्मत कराई जाएगी। वरना नए लगवाए जाएंगे। – मो. कमर अपर नगर आयुक्त।