पलंग पर चढ़कर पहले पत्नी को काटा, फिर पति को डसा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पलंग पर सो रहे पति-पत्नी को एक सांप ने डस लिया। दंपती को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान रविवार को पत्नी की मौत हो गई जबकि पति की हालत अब सामान्य है।
जालौन के बरसार गांव निवासी मलखान कुशवाहा (25) उरई के मवाई रोड पर परिवार के साथ रहता है। वह 25 जुलाई को पत्नी मालती (22) के साथ कमरे में सो रहा था। भोर में करीब 4 बजे एक सांप पलंग पर चढ़ आया। सबसे पहले उसने मालती के पैर में डसा, इस पर मालती के चीखने से मलखान की नींद खुल गई।
सांप को देखकर मलखान ने लात मारकर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद सांप ने मलखान को भी डस लिया। सांप के डसने से घबराकर पत्नी शोर मचाने लगी। परिजन दोनों को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। यहां पत्नी की हालत नाजुक थी। उपचार के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं, मलखान की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
जीविकोपार्जन के लिए मलखान खेती करता था। पिछले साल फरवरी महीने में उसकी शादी हुई थी। पति-पत्नी गांव में ही रहते थे। मालती की मौत की सूचना मिलने पर उसके परिजन रोते-बिखलते मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।