अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई पार्क स्थित लक्ष्मीबाई की विशाल प्रतिमा अब फसाड लाइट से जगमगाएगी। नगर निगम इस काम पर करीब पचास लाख रुपये खर्च कर रहा है। यहां काम भी शुरू करा दिया गया। निगम अफसरों के मुताबिक 19 नवंबर को महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती से पहले यह काम पूरा करा लिया जाएगा।
बुंदेलखंड में महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में स्थित लक्ष्मीबाई की प्रतिमा सबसे ऊंची है। प्लेटफार्म के साथ प्रतिमा की कुल ऊंचाई करीब साढ़े 12 मीटर है। पूरा पार्क सैकड़ों एलईडी एवं सोडियम लैंप से जगमग रहता है लेकिन, इतनी ऊंचाई पर होने से महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा अंधेरे में खोई रहती है। इसके चलते निगम प्रशासन ने इस प्रतिमा को भी जगमग करने की कवायद शुरू की है। विद्युत प्रभारी सैय्यद रिजवान हैदर जैदी के मुताबिक प्रतिमा को फसाड लाइट से रोशन किया जाएगा। इसके लिए यहां 12 फसाड लाइट लगाई जाएगी। चार अलग-अलग दिशाओं में खंभे में यह लगाए जाएंगे। प्रत्येक पोल में तीन लाइट होंगी। फसाड लाइट लगने से प्रतिमा को आठ अलग-अलग रंगों से रोशन किया जा सकेगा। इस पूरे ाकाम में करीब चालीस लाख रुपये खर्च होंगे। विद्युत प्रभारी के मुताबिक इसका ट्रायल आरंभ कराया गया है। 19 नवंबर को महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती से पहले यह काम पूरा करा लिया जाएगा।