अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बजट में झांसी रेल मंडल को 2344.39 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। यह रकम पिछले वित्तीय वर्ष के मुकाबले 6.44 प्रतिशत अधिक है। बजट से मंडल में जारी विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। इसके अलावा, यात्री सुरक्षा के साथ संरक्षा भी बढ़ेगी। धनराशि अलग-अलग मद में जारी की गई है।
आवंटित बजट से मंडल के बुनियादी ढांचे का विकास होगा। साथ ही यात्रियों की सुविधाओं का भी विस्तार होगा। दीपक कुमार सिन्हा, डीआरएम झांसी
बजट में झांसी रेल मंडल को गेज परिवर्तन के लिए 740 करोड़, रेलपथ नवीनीकरण के लिए 310.08 करोड़, दूसरी और तीसरी लाइन के लिए 302 करोड़, यात्री सुविधाओं में वृद्धि के लिए 276.19 करोड़, यातायात सुविधाओं के लिए 193.07 करोड़, विद्युत कार्य के लिए 160.39 करोड़, सूचना प्रौद्योगिकी के लिए 100 करोड़ दिए गए हैं। सड़क संरक्षा कार्य के लिए 92.36 करोड़, पुल निर्माण और नवीनीकरण के लिए 90.75 करोड़, सिग्लिंग और अन्य संरचनात्मक कार्यों के लिए 30-30 करोड़, कर्मचारी कल्याण योजनाओं के लिए 11 करोड़, कारखानों के लिए 8 करोड़ और नई रेल लाइनों के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये का आवंटन किया गया है।
इन परियोजनाओं के लिए भी हुआ आवंटन…
– ग्वालियर-शेओपुरकलां गेज परिवर्तन – 450 करोड़
– झांसी-बीना तीसरी रेल लाइन -110.50 करोड़
– धौलपुर-झांसी खंड में ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नल प्रणाली- 60 करोड़
– झांसी-कानपुर रेल खंड विकास कार्य – 20 करोड़
यात्री सुविधाओं के लिए विशेष प्रावधान
बजट में रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, गिट्टी रहित ट्रैक, त्वरित जल निकासी प्रणाली, गुड्स शेडों में संरचनात्मक सुधार, प्लेटफार्मों पर एस्केलेटर व लिफ्ट, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, दिव्यांगजन और अन्य यात्रियों की सुविधाओं के लिए विशेष प्रावधान किया गया है। इस मौके पर एडीआरएम पीपी शर्मा व वरिष्ठ मंडल अभियंता आशुतोष चौरसिया मौजूद रहे। वहीं, इस दौरान वर्चुअल माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उप्र को आवंटित किए गए बजट की जानकारी दी।