फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ऑस्कर के लिए नामित हुई फिल्म लापता लेडीज में झांसी के सुंदर लिखार ने भी अभिनय किया है। हालांकि, फिल्म में उनका महज ढाई मिनट का रोल है, लेकिन अपनी भूमिका में वह जान फूंकने में कामयाब रहे हैं।
वैसे तो सुंदर लिखार बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत हैं लेकिन, अभिनय का उन्हें बचपन से ही शौक है। सन 1986 में वह रंगमंच से जुड़ गए थे। वह आधा दर्जन बुंदेली फिल्मों में भी काम कर चुके हैं और बुंदेली फिल्म जगत का एक जाना पहचाना चेहरा हैं। इससे पहले वे बॉलीवुड की दो फिल्मों अम्मा की बोली और अटकन-चटकन में भी काम कर चुके हैं। सुंदर ने बताया कि लापता लेडीज उनकी बॉलीवुड की तीसरी फिल्म है। इस फिल्म में वह विधायक मनी सिंह की भूमिका में हैं। उनके अभिनय में हास्यपुट है, जिसे दर्शकों की ओर से खूब पसंद किया गया है। सुंदर ने बताया कि ऑस्कर के नामांकन की दौड़ में 29 फिल्में शामिल थीं। उन्हें खुशी है कि उनकी फिल्म लापता लेडीज का नामांकन पाने में सफल रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में वह बॉलीवुड की दो और फिल्म पिंटू की पप्पी व दुपहिया में भी नजर आएंगे।
