श्रावस्ती। राजर्षि ठाकुरद्वारा भिनगा सहित ज्यादातर ठाकुरद्वारा व घरों में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। इसके लिए हर कोई अपने-अपने तरीके से तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। त्योहार को देखते हुए बाजार भी सजकर तैयार हैं।
भादो मास की अष्टमी को मध्य रात देवकी नंदन श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। सोमवार मध्य रात अष्टमी तिथि मिलने के कारण राजर्षि ठाकुरद्वारा भिनगा, ठाकुरद्वारा राधा कृष्ण जी महाराज सिविल लाइन, तीन शिवाला मंदिर, संतोषी माता मंदिर सहित जिले के ज्यादातर ठाकुरद्वारों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी।
रिजर्व पुलिस लाइन भिनगा में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बाजारों में भी बिजली की झालरों आदि से दुकानों को सजाया गया है जो लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
इकौना के कटरा बाजार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाने की तैयारी चल रही है। इसका समापन श्रीकृष्ण की छठी के साथ होगा। यहां वृंदावन के कलाकार श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का मंचन भी करेंगे। कार्यक्रम के अंतिम दिन शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।
