एक विवाहिता के पति से नाराज होकर मायके जाने की जिद पर ससुराल पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस से भी ग्रामीणों की भिड़ंत हो गई। इसके बाद धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी के साथ हाथापाई कर दी। पुलिस ने रविवार को कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। क्षेत्र के उदैयापुर गांव निवासी सुशील कुमार की पत्नी पुष्पा का पति से विवाद हो गया।
इसके बाद वह मायके जाने की जिद पर अड़ गई। मायके पक्ष से पुष्पा का भाई नयापुरवा ठठिया निवासी रवि 13 लोगों को दो गाड़ियों में लेकर गांव पहुंचा। पुलिस के मुताबिक ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला को रोकने का प्रयास किया पर वह डेढ़ वर्ष के बच्चे के साथ मायके जाने पर अड़ी रही। इसी बीच, किसी ने पुलिस चौकी को सूचना दे दी। हसेरन चौकी प्रभारी राजेश कुमार उदैयापुर गांव पहुंचे। उस समय गांव के सियाराम के घर के पास महाशिवरात्रि पर भंडारे का कार्यक्रम चल रहा था जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। पुलिस के पहुंचने पर माहौल और बिगड़ गया।
चौकी प्रभारी ने गांव के ही प्रमोद और प्रदीप से समन के संबंध में पूछताछ शुरू की। आरोप है कि ग्रामीणों ने समन छीनकर फाड़ दिए। चौकी प्रभारी राजेश ने रोका तो भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने चौकी प्रभारी के साथ हाथापाई कर दी। सूचना मिलते ही इंदरगढ़ थानाध्यक्ष नीलम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जांच सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह को दी गई है। इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
