
मौके पर लगी भीड़
– फोटो : अमर उजाला
कन्नौज जिले के गुरसहायगंज में बिजली के घरेलू कनेक्शन के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले जेई को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा। टीम उसे कोतवाली लेकर पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई है। टीम ने उसके पास से दिए गए 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। शनिवार सुबह से ही कानपुर की विजिलेंस टीम प्रभारी एमपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के जसोदा में डेरा डाल लिया।
टीम के पास शिकायत थी कि अनौगी फीडर में तैनात जेई भूपेंद्र कुमार कौशल ने दो घरेलू कनेक्शन की रिपोर्ट लगाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग की है। विजिलेंस टीम ने आवेदक अशोक कुमार और जगदेव सिंह को केमिकल लगे 500 रुपये के 20 नोट दिए। प्लान के मुताबिक उन दोनों लोगों ने जेई को जसोदा स्थित प्राथमिक पाठशाला के निकट बुलाया और दोनों से रिपोर्ट लगाने के नाम पर 10 हजार रुपये ले लिए। हाथ में रुपये पकड़ते ही विजिलेंस टीम ने उसे रुपयों समेत दबोच लिया। टीम को जेई के हाथों में से रुपयों में लगाया गया केमिकल मिला है। टीम के प्रभारी ने बताया कि अवर अभियंता भूपेंद्र कुमार कौशल बलिया का रहने वाला है। रिश्वत लेते गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
