09:05 AM, 04-Jun-2024
मुलायम सिंह के निधन के बाद आज अखिलेश की बड़ी परीक्षा
जिस पिता ने अब से 24 साल पहले कन्नौज शहर के बोर्डिंग ग्राउंड की सभा में हाथ उठाकर अखिलेश यादव को नेता बनाने की अपील की थी, वह इस बार नहीं हैं। उनके निधन के बाद फिर से कन्नौज से अपनी दूसरी सियासी पारी का आगाज करने के लिए किस्मत आजमा रहे सपा मुखिया अखिलेश यादव को आज अग्नि परीक्षा से गुजरना होगा। उन्हें न सिर्फ खुद की सीट पर पार्टी को कामयाब बनाने की जिम्मेदारी है, बल्कि परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ ही पार्टी को भी कामयाब बनाना है। मंगलवार को आने वाले चुनावी नतीजे अखिलेश यादव की उम्मीदवारी के साथ ही पार्टी मुखिया के कद को भी तय करेंगे।
08:56 AM, 04-Jun-2024
सपा ने कहा- ईमानदारी से हो वोटों की गिनती
चुनाव के एक्जिट पोल को गलत बताते हुए सपा ने वोटों की गिनती ईमानदारी से करने की मांग की है। पार्टी का मानना है कि एक्जिट पोल के बहाने लोगों को गुमराह कर ध्यान भटकाया जा रहा है। ताकि वोटों की गिनती के दौरान धांधली की जाए। कहा गया कि अगर वोटों की गिनती के दौरान गड़बड़ी की गई तो पार्टी कार्यकर्ता इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। मतगणना से ठीक एक दिन पहले सपा नेताओं ने मीडिया से रूबरू होकर प्रशासन और आयोग से मांग की है कि वोटों की गिनती के दौरान पूरी पारदर्शिता बरती जाए।
07:48 AM, 04-Jun-2024
काउंटिंग एजेंट का हुजूम उमड़ना शुरू
कन्नौज में मतगणना स्थल के बाहर उम्मीदवारों के काउंटिंग एजेंट्स का हुजूम उमड़ना शुरू हो गया है। सभी को मेन गेट के बाहर लाइन में लगाया गया है। निर्धारित समय पर सभी को एंट्री दी जाएगी। वहीं, मतगणना शुरू होने से पहले पुलिस ने चेकिंग शुरू की है। मंडी में बने मतगणना स्थल पर जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
07:21 AM, 04-Jun-2024
आज इन 15 उम्मीदवारों के नसीब का होगा फैसला
- अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी
- इमरान बिन जफर, बहुजन समाज पार्टी
- सुब्रत पाठक, भारतीय जनता पार्टी
- आलोक वर्मा, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी
- प्रमोद यादव, भारतीय कृषक दल
- शैलेंद्र कुमार, भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी
- सुनील, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी
- सुभाष चंद्र, ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक
- इरफान अली, निर्दलीय
- पुरुषोत्तम तिवारी, निर्दलीय
- भानू प्रताप सिंह, निर्दलीय
- यादवेंद्र किशोर, निर्दलीय
- राज कठेरिया, निर्दलीय
- ललित कुमारी, निर्दलीय
- सनोज कुमार, निर्दलीय
07:21 AM, 04-Jun-2024
60 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं ने डाले हैं वोट
इस बार लोकसभा चुनाव के दौरान कन्नौज संसदीय सीट के 19 लाख 88 हजार 925 वोटर का नाम शामिल था। उनमें से 12 लाख 14 हजार 886 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। 2019 में पड़े वोटों में से इस बार 73901 ज्यादा पड़े हैं। पिछले चुनाव में कन्नौज संसदीय की पांचों विधानसभा सीट पर कुल 11,40,985 वोट पड़े थे। इसमें से भाजपा के सुब्रत पाठक को 5, 63,087 वोट मिले थे। जबकि सपा की डिंपल यादव को 5,50,734 वोट मिले थे। भाजपा और सपा में ही कमोबेश सभी वोट बंट गए थे। नजदीकी मुकाबले में भाजपा को 12353 वोट से जीत मिली थी। इस बार 1214886 वोट पड़े हैं। जो कि पिछली बार से 73901 वोट ज्यादा है। ऐसे में इन वोटों में किसकी कितनी हिस्सेदारी है, इस पर सभी की निगाहें हैं।
05:38 AM, 04-Jun-2024
उन दोनों जिलों से दोनों विधानसभा क्षेत्र के वोटों की गिनती की रिपोर्ट यहां आने के बाद जिला प्रशासन नतीजों का ऐलान करेगा। वोटों की गिनती से पहले की सभी जरूरी तैयारियों को जिला प्रशासन ने पूरा कर लिया है। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को मतगणना केंद्र में जाने की इजाजत नहीं होगी। मतगणना के दौरान उपद्रव करने वालों से निपटने के लिए भी प्रशासन ने पुख्ता तैयारी का दावा किया है।
05:38 AM, 04-Jun-2024
कन्नौज संसदीय सीट के पांच विधानसभा क्षेत्र में से तीन कन्नौज जिले में हैं और दो पड़ोसी जिलों में हैं। कन्नौज जिले में शामिल कन्नौज सदर, छिबरामऊ और तिर्वा विधानसभा क्षेत्र के वोटों की गिनती मंगलवार को शहर के गल्ला मंडी परिसर में बनाए गए मतगणना केंद्र में होगी। बिधूना विधानसभा क्षेत्र के वोट औरेया जिला मुख्यालय पर और रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के वोट कानपुर देहात जिला मुख्यालय पर बने मतगणना केंद्र पर गिने जाएंगे।
05:24 AM, 04-Jun-2024
Kannauj Election 2024 Result: मतगणना शुरू…त्रिकोणीय मुकाबला, अखिलेश और सुब्रत समेत इन प्रत्याशियों का फैसला
इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं। ढाई महीने पहले 16 मार्च को चुनाव की घोषणा के बाद बारी अब नतीजों के ऐलान की है। चौथे चरण के तहत पिछले महीने 13 मई को यहां से किस्मत आजमाने वाले 15 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतदाताओं ने ईवीएम में कैद कर दिया था। अब पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार की सुबह आठ बजे से बारी-बारी से सभी ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती शुरू होगी। उसके बाद तय होगा कि इत्रनगरी की जनता ने किसी पसंद किया और किसे नकारा है।
