वाराणसी कमिश्नरी पुलिस ने गुरुवार को कोडीनयुक्त कफ सिरप और नशीली दवाओं के कारोबार करने के आरोपी विनोद अग्रवाल की शहर में पांच संपत्तियाें को फ्रीज किया। यह संपत्तियां सिविल लाइंस, बिरहाना रोड, जाजमऊ और दहेली सुजानपुर में हैं। बैंक खातों और संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 5.25 करोड़ है। वाराणसी से एसीपी डॉ. विद्युत सक्सेना, थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी और उनके साथ कानपुर कमिश्नरी का फोर्स रहा। पुलिसकर्मियों ने संपत्ति को फ्रीज होने का पोस्टर भी चस्पा किया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 11 नवंबर 2025 को बिरहाना रोड दवा मार्केट, फीलखाना और कलक्टरगंज में छापा मारा था। वहां कोडीनयुक्त कफ सिरप और अन्य नशीली दवाओं की बिक्री होने की आशंका थी। कलक्टरगंज पुलिस ने अग्रवाल ब्रदर्स के संचालक विनोद अग्रवाल, बेटा शिवम अग्रवाल और पत्नी सविता अग्रवाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर कराई थी। क्राइम ब्रांच ने 25 जनवरी 2026 को विनोद अग्रवाल को हरियाणा से गिरफ्तार जेल भेजा। विनोद के खिलाफ वाराणसी के सारनाथ थाने में एफआईआर थी। पिछले दिनों सारनाथ थाने की पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। आरोपी की पत्नी और बेटे की तलाश जारी है।
