आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) शाखा ने निवेश के नाम पर हुई 14.36 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोपी किदवईनगर निवासी विकास भटनागर को फतेहगढ़ साहिब से गिरफ्तार किया है। वह लंबे समय से फरार था। उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
काकादेव थाने में 2021 में 14.36 करोड़ की धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज हुई थी। इसमें सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी की विभिन्न शाखाओं में लोगों को लोक लुभावनी योजनाओं का लालच देकर उनकी धनराशि निवेश कराई गई थी। एफआईआर में कई आरोपी थे। पुलिस के बाद जांच ईओडब्ल्यू को दे दी गई। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार पाल ने बताया कि किदवईनगर निवासी विकास भटनागर भी मामले में नामजद था। उसकी तलाश जारी थी। टीम को उसके पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में होने की सूचना मिली थी। उसे शुक्रवार की शाम पांच बजे फतेहगढ़ साहिब के चुन्नी कला से गिरफ्तार कर लिया गया।
