गोविंदनगर थानाक्षेत्र में कानपुर-झांसी रेलवे लाइन पर रविवार रात ट्रेन की चपेट में आकर प्रेमी की मौत हो गई जबकि उसकी प्रेमिका घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस को ट्रैक से दो मोबाइल, ईयरबड, चप्पल, मफलर आदि बरामद हुआ है। सोमवार सुबह मोबाइल से दोनों की शिनाख्त के बाद पुलिस प्रेमिका तक पहुंची। पूछताछ में युवती ने बताया कि युवक उसे कपड़ों की खरीदारी कराने ले जा रहा था। कोई देख न ले इसलिए रेलवे लाइन के किनारे से जा रहे थे। युवक के परिजनों ने युवती पर हत्या का आरोप लगाया है।

Trending Videos

मूलरूप से सीतापुर के तंबौर थानाक्षेत्र के काशीपुर मल्लापुर निवासी सूरज पांडेय (22) दादानगर स्थित एक नमकीन फैक्टरी में काम करता था। फैक्टरी में दो माह से कानपुर देहात के रसूलाबाद निवासी युवती भी काम कर रही थी। युवती दबौली में किराये पर रह रही है। सूरज की मां, ममेरे भाई सत्यम, मामा संतोष ने बताया कि रविवार को फैक्टरी बंद होने के कारण सूरज काम पर नहीं गया था। सोमवार सुबह करीब 11.15 बजे तक फैक्टरी न पहुंचने पर सुपरवाइजर ने सूरज को फोन किया तो रतनलाल नगर चौकी प्रभारी मनीष सिंह ने उठाया। जानकारी पर सुपरवाइजर ने परिजन को सूचना दी तो सभी कानपुर के लिए निकल पड़े।

पुलिस ने ट्रैक पर मिले मोबाइल की जांच शुरू की तो एक सूरज का तो दूसरा युवती का निकला। पूछताछ में युवती ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे वह कपड़े खरीदने के लिए गुजैनी जा रही थी। इस दौरान सूरज ने उसे 15 बार फोन किया लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद सूरज दबौली अंडरपास के पास मिल गया और साथ चलने के लिए कहा। फैक्टरी का कोई व्यक्ति न देख ले इसलिए वह उसे कानपुर–झांसी रेलवे लाइन से होते हुए ले जाने लगा। इसी दौरान ट्रेन की टक्कर से सूरज और वह दूर जा गिरे। वह खंती में घिसटती चली गई। गोविंदनगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में युवक के दोनों पैर, कंधे और सिर पर चोटें मिली हैं। परिजन तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *