दो दिवसीय सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई। शहर के 39 सेंटरों में करीब 38 हजार छात्र परीक्षा देने कानपुर पहुंचे। परीक्षा दो पालियों में होने के कारण परीक्षार्थियों का रेला दोपहर एक बजे से सेंट्रल स्टेशन पर पहुंचना शुरू हो गया। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। रही। आने और जाने वाली ट्रेनों में भीड़ होने के कारण प्लेटफार्म ओवरलोड हो गए। भीड़ को संभालने में आरपीएफ और जीआरपी के पसीने छूट गए।
जोधपुर-हावड़ा, ब्रह्मपुत्र मेल, नीलांचल, एनई, सीमांचल एक्सप्रेस, महानंदा जैसी ट्रेनों में छात्रों की भीड़ के कारण पैर रखने की जगह नहीं बची। जोधपुर-हावड़ा में भीड़ ज्यादा होने से इसे आधा घंटा देरी से रवाना किया गया। जनरल, स्लीपर और एसी कोच तक में परीक्षार्थियों का कब्जा था। कोई दरवाजे पर लटका था तो कोई शौचालय में घुसा था। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक एसएन पाटीदार ने लाइन लगवाकर छात्रों को विभिन्न रूटों की ट्रेनों से भेजा।
