काकादेव थानाक्षेत्र में गोलचौराहे से श्रम विभाग की ओर सौ मीटर दूर सोमवार की शाम ओंकारेश्वर स्कूल की नवीं की छात्रा ने रेलवे पटरी पर गर्दन रखकर ट्रेन से कटकर जान दे दी। स्कूली छात्रा का सिर धड़ से अलग देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कूल बैग में कॉपी में लिखे पते से परिजनों को जानकारी दी तो चीखपुकार मच गई।
माता-पिता का आरोप है, कि सोमवार को बेटी के बैग में बुके और चॉकलेट निकलने पर टीचर ने उसे बुरी तरह से डांट दिया था। जिसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। वहीं स्कूल प्रबंधन ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। आवास विकास-एक केशवपुरम निवासी प्राइवेट कर्मी मुकुल आनन्द की बेटी संस्कृति आनन्द (15) जवाहर नगर स्थित ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन स्कूल में नवीं की छात्रा थी।
