Kanpur: After the jaimala bride refused to marry

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार


दूल्हा शराबी है, इसके कई लड़कियों से संबंध है। मैं इससे शादी नहीं कर सकती। ये बातें जयमाल के बाद एक दुल्हन ने सोमवार दोपहर बर्रा थाने में पुलिस के सामने कहीं। वहीं, वर पक्ष के लोगों का आरोप है कि लड़की वाले शादी नहीं करना चाहते और उन्होंने चढ़ावे के जेवर हड़प लिए हैं।

विश्वबैंक निवासी ट्रांसपोर्टर ने बताया कि उनका गाड़ियों का काम है। ज्यादातर गाड़ियां जागरण, ऑर्केस्ट्रा आदि कार्यक्रमों में जाती हैं। इन्हीं में से एक गाड़ी उनका बेटा चलाता है। रविवार को बेटे की शादी मंधना की रहने वाली युवती से जरौली स्थित गेस्ट हाउस में होनी थी। देर रात जयमाल के बाद दूल्हा गेस्ट हाउस के सामने खड़ी कार में बैठा था जबकि अंदर चढ़ावे की रस्म चल रही थी। इस बीच अचानक एक युवक ने आकर लड़के के ऊपर आरोप लगाया कि दूल्हे के साथ कार में एक लड़की भी थी जिससे उसके संबंध हैं। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया।

थाने पहुंचे दोनों पक्ष

बरातियों में शामिल कुछ बुजुर्गों ने बात समझी तो उस लड़की को सामने बुलवाया। लड़की ने कहा कि निमंत्रण पर आई थी,अन्य आरोप गलत हैं। इसी बीच कुछ लड़के दूल्हे के शराब पीने की बात कहते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया। लड़के के पिता का कहना था कि उन्होंने हार, झुमकी, मांग बेंदी, कमर पेटी, पायल और कपड़े चढ़ावे में दिए हैं। लड़की पक्ष उन्हें वापस नहीं करना चाहता है। लड़की पक्ष का कहना है कि शादी के आयोजन में उनका लाखों का खर्च हुआ है। पूरा पैसा वापस चाहिए। बर्रा थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। अब दोनों पक्षों ने शादी से इंकार कर दिया है। समझौते के प्रयास जारी हैं। तहरीर मिलने पर उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *