चौबेपुर के ब्रह्मनगर निवासी बीनू शर्मा (32) की हत्या उसके पति संजय शर्मा ने नहीं बल्कि रौतेपुर गांव निवासी उसके प्रेमी अनुज दुबे ने की थी। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी गिरफ्तार कर उसके पास से बीनू का मोबाइल, चाकू और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बीनू दो और लोगों से बातचीत करने लगी थी। इसके चलते वह काफी गुस्से में था। इसी वजह से उसने बीनू को मिलने के लिए छत पर बुलाया और विवाद के बाद उसकी चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसे छत से नीचे फेंक कर भाग निकला।
Trending Videos
डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि ब्रह्मनगर निवासी संजय की पत्नी बीनू की रविवार रात में हत्या कर शव को खंडहर से दस फिट नीचे फेंक दिया गया था। मामले में बीनू की मां लक्ष्मी ने संजय के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान संजय ने रौतेपुर निवासी अनुज दुबे पर हत्या की आशंका जाहिर की। इसके बाद पुलिस ने अनुज को भी हिरासत में ले लिया। पूछताछ शुरू हुई तो अनुज ने बीनू से संबंध की बात स्वीकार ली। बताया कि बीनू के दो अन्य युवकों से भी करीबी संबंध थे और उनसे बात करती थी। दोनों ने एक बार दो अलग-अलग इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए और अपने व बीनू के फोटो लगाकर चैट अपलोड कर दी। इसे उसने देख लिया था।
डीसीपी ने बताया कि बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे अनुज ने बीनू को मिलने के लिए बुलाया। वहां पर दोनों के बीच दूसरे युवकों से बातचीत और संबंधों को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद अनुज ने बीनू के गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। फिर उसके सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ कई वार कर हत्या कर दी। इसके बाद उसे उठाकर खंडहर में नीचे फेंक दिया। बीनू का मोबाइल अपने साथ रौतेपुर गांव ले गया और गांव के बाहर मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस ने जब बीनू की कॉल डीटेल रिपोर्ट निकलवाई तो पता चला कि रविवार रात 11ः50 बजे बीनू के मोबाइल पर एक विज्ञापन का मैसेज आया था। इसी मैसेज के दाैरान फोन की लोकेशन रौतेपुर के पास ही थी। फिर 11ः53 बजे फोन बंद हो गया और वो रौतेपुर गांव के बाहर ही की लोकेशन थी। इससे यह तय हो गया कि जब शव यहां था तो मोबाइल ले जाने वाले ने ही हत्या की होगी। इसके बाद पुलिस ने रौतेपुर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।