
सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : Amar Ujala
फीलखाना में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने वाली युवती समेत पांच लोगों पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे धोखाधड़ी करने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि युवती ने साठगांठ करके कंपनी के 24 लाख रुपये पार कर दिए।
शुक्लागंज निवासी राजीव घोषाल ने बताया कि बिरहाना रोड स्थित मेसर्स एआर थर्मोसेट्स कंस्ट्रक्शन कंपनी में सहायक मैनेजर हैं। कंपनी कंस्ट्रक्शन से जुड़े सामान बनाने और बेचने का काम करती है। आरोप है कि कंपनी में 18 माह से काम कर रही नौघड़ा निवासी शुभांगी मिश्रा ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिये 24 लाख रुपये हड़प लिए। इस काम में उनके साथी गांधीनगर निवासी सिद्धार्थ गुप्ता, बादशाहीनाका के अभिषेक अग्रवाल, उनकी दादी पुष्पा अग्रवाल और किदवईनगर वाई ब्लाॅक निवासी गौरव सिंह भदौरिया शामिल हैं।
आरोप है कि शुभांगी ने 24 लाख रुपये के दो फर्जी बिलों पर प्रबंध निदेशक मनोज गुप्ता के फर्जी हस्ताक्षर कर दिए। राजीव घोषाल ने डीसीपी पूर्वी एसके सिंह से इसकी शिकायत की। फीलखाना थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि डीसीपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
