कानपुर में आवास विकास परिषद की आवास विकास मंधना संख्या चार योजना 16 वर्ष बाद धरातल पर उतरने जा रही है। छह अगस्त को जिला प्रशासन योजना की जद में आने वाले पांच गांव में से एक गांव बिरतियान बिठूर की 26.84 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण की घोषणा करेगा। इसके लिए गांव के करीब 255 किसानों को नोटिस भेज दिया गया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो अधिग्रहण की घोषणा होते ही मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। किसानों को 2009 के सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा देने का फैसला किया गया है।
आवास विकास परिषद ने वर्ष 2009 में मंधना से बिठूर के बीच में (परगही बांगर, बगदौधी बांगर, बगदौधी कछार, पेम, बिरतियान गांव) में 199.91 हेक्टेयर जमीन अर्जन की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। इसके लिए गजट भी जारी कर दिया था, लेकिन किसी कारण से योजना कागजों में ही अटकी रह गई। कई बार भूमि अधिग्रहण की योजना बनाई गई, लेकिन किसान मुआवजे की राशि बढ़ाने की मांग पर अड़े रहे। जून 2024 में तत्कालीन एडीएम भूमि और आवास विकास परिषद के अधिकारियों ने गांव-गांव जाकर किसानों की आपत्तियां सुनीं।
