
महिला की मौत
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दूसरे से बात करने से नाराज प्रेमी के हमले में घायल चार बच्चों की मां ने रविवार सुबह लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम में सिर पर चोट के बाद अत्यधिक खून बहने को महिला की मौत की वजह बताया गया है। पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही है।
गोविंदनगर थानाक्षेत्र के गुजैनी एच ब्लॉक कच्ची बस्ती निवासी महिला के पति की डेढ़ साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। महिला के चार बच्चे हैं। पति की मौत के बाद महिला मजदूरी करने लगी जहां उसकी मुलाकात ललितपुर निवासी अविवाहित राजमिस्त्री सुरेश से हुई। कुछ दिन की जान पहचान के बाद दोनों साथ रहने लगे। महिला के बेटों की मानें तो शुरू में तो सब सामान्य रहा लेकिन कुछ समय बाद जब मां फोन पर बात कर रही होती तो सुरेश गाली-गलौज शुरू कर देता।
