रायबरेली। बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस रविवार तड़के आगे दौड़ने के कारण रायबरेली-कानपुर पैसेंजर रेंगती रही। प्रयागराज एक्सप्रेस पहले से ही विलंब से चल रही थी। इसकी वजह से कानपुर पैसेंजर की लेटलतीफी भी बढ़ती रही। दूसरी ट्रेनों को पास कराने के लिए नौचंदी और इंटरसिटी एक्सप्रेस भी रास्ते में देर तक रोकनी पड़ी। इससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा और उन्हें परेशानी हुई।
बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस शनिवार मध्यरात्रि आती है, लेकिन ढाई घंटे से ज्यादा विलंब से आने के कारण रविवार को तड़के पहुंची। यह गाड़ी रायबरेली स्टेशन से तड़के तीन बजे रवाना की गई। इसी समय रायबरेली-कानपुर पैसेंजर के छूटने का समय तय है। प्रयागराज एक्सप्रेस दौड़ा दिए जाने के कारण कानपुर पैसेंजर 15 मिनट से ज्यादा देरी से रवाना की गई।
प्रयागराज एक्सप्रेस आगे दौड़ने के कारण पीछे चल रही कानपुर पैसेंजर रेंगती रही। कानपुर पैसेंजर को लक्ष्मणपुर में 25 मिनट रोका गया, जिससे यह गाड़ी पौन घंटे देरी से ऊंचाहार पहुंची। ऊंचाहार में भी देर तक खड़े रहने के कारण सवा घंटे लेट हो गई। इससे ट्रेन में सवार यात्री परेशान हुए।
दूसरी तरफ सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस रायबरेली स्टेशन पर 50 मिनट विलंब से पहुंची, जो रायबरेली और लक्ष्मणपुर के बीच 25 मिनट रुकी रही। इससे ट्रेन की लेटलतीफी सवा घंटे हो गई। लक्ष्मणपुर में गंगा गोमती एक्सप्रेस को पास कराने के लिए नौचंदी ट्रेन रोकी गई।
कानपुर से प्रयागराज जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस जलालपुर धई स्टेशन पर करीब 20 मिनट खड़ी रही। यहां भी किसी ट्रेन को पास कराया गया। इससे इंटरसिटी ट्रेन ऊंचाहार स्टेशन पर 45 मिनट विलंब से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस की लेटलतीफी की वजह से रायबरेली-कानपुर पैसेंजर प्रभावित हुई।
वंदेभारत एक्सप्रेस की चपेट में आया मवेशी
रायबरेली/ऊंचाहार। प्रयागराज से रायबरेली-लखनऊ होते हुए गोरखपुर जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस की चपेट में एक मवेशी आ गया। यह घटना रविवार शाम को हुई।
वंदेभारत एक्सप्रेस प्रयागराज से 25 मिनट विलंब से चली। ऊंचाहार-रायबरेली के बीच रामचंद्रपुर स्टेशन के निकट मवेशी के चपेट में आने के कारण वंदेभारत कुछ देर खड़ी रही। यही वजह रही कि यह गाड़ी रायबरेली स्टेशन पर पौन घंटे देर से पहुंची। सुबह गोरखपुर से प्रयागराज जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस भी आधे घंटे विलंब से आई। रेल पथ निरीक्षक इजहार कलीम ने बताया कि रामचंद्रपुर स्टेशन के निकट वंदेभारत की चपेट में एक मवेशी आ गया। ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। (संवाद)
