कानपुर में एक्सप्रेसवे पर मंगलवार भोर करीब 3:20 बजे स्लीपर बस के पलटने के बाद बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की चीखपुकार मच गई। हादसे का शिकार यात्रियों ने पुलिस को पूछताछ में हादसे के अलग-अलग कारण बताए। किसी ने आशंका जताई कि चालक ने ढाबे में शराब पी थी, तो किसी ने कहा कि उसे झपकी लगने की वजह से हादसा हुआ। तेज रफ्तार बस धमाके की आवाज के साथ पलटी और करीब 50 मीटर तक घिसटते हुए चली गई।
हैलट में भर्ती सतेंद्र, मृतक अनुराग के पिता अजय, रणधीर और शुभम का आरोप था कि लंबी दूरी की बसें यात्रियों को लेकर चलती हैं। उनमें दो ड्राइवर होते हैं। वह खाना खाने के लिए ढाबे पर रोकते हैं। वहां शराब पी जाती और यात्रियों को जान गंवानी पड़ती है। रात में भी इसी तरह आगरा में खाना खाने के लिए बस रोकी गई। आरोप है ड्राइवर बदला और उसने भरपूर शराब पी रखी थी। इसके बाद आगे जाकर लहराकर गाड़ी चलाने लगा। मोबाइल चला रहे कुछ लोगों ने उसे टोका भी लेकिन वह नहीं माना और हादसा कर दिया।

2 of 8
Kanpur Road Accident
– फोटो : amar ujala
कई यात्रियों का सामान थाने में सुरक्षित
अरौल थानाध्यक्ष जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि दुर्घटना के कुछ ही मिनटों में पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन चालक परिचालक कोई उन्हें नहीं मिला। बस में कुल कितने यात्री सवार थे इसकी कोई पुष्ट जानकारी नहीं है। यात्रियों द्वारा 55-56 लोगों के सवार होने की बात बताई गई है। कई यात्रियों का सामान अभी पुलिस थाने में ही है। कई यात्री तो दुर्घटना के बाद अन्य वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए। वहीं, डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने हैलट पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

3 of 8
Kanpur Road Accident
– फोटो : amar ujala
पूर्व में भी कई बसें हो चुकीं दुर्घटनाग्रस्त
ठठिया से लेकर अरौल न ने बीते वर्षों में कई बसें चालक की झपकी लगने, ओवरटेक करने के कारण अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी हैं। 27 मई 2025 काे ओवरटेक के प्रयास में बिहार जा रहीं दो बसें आसपास में टकरा गई थीं। इसमें 30 लोग घायल हो गए थे जबकि दो जुलाई 2023 को भी एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए खेतों में आ गिरी थी। हादसे में भी बिहार जा रहे 16 लोग घायल हुए थे।

4 of 8
Kanpur Road Accident
– फोटो : amar ujala
तेज रफ्तार और चालकों की मनमानी से होते हादसे
अरौल थानाध्यक्ष जनार्दन यादव ने बताया कि दिल्ली से लखनऊ के मध्य चलने वाले बसों के चालक बिना रुके और जल्द से जल्द गंतव्य पर पहुंचने के चक्कर में बिना विश्राम किए और तेज रफ्तार बस भगाते हैं। इसी कारण बसें दुर्घटना का शिकार हो जाती हैं। यात्री भी दिल्ली के आनंद विहार टर्मिलन, आईएसबीटी, कश्मीरी गेट सहित कई स्थानों से ऐसी नाॅन स्टॉप बस सेवा से सफर कर जान जोखिम में डालते हैं। भोर पहर अक्सर नींद आने से बस दुर्घटनाग्रस्त होती हैं।

5 of 8
Kanpur Road Accident
– फोटो : amar ujala
ऐसे हुआ था हादसा
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार भोर लखनऊ की ओर जा रही निजी स्लीपर बस अरौल थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे के वक्त बस में 55 यात्री सवार थे। तेज रफ्तार बस दुर्घटनाग्रस्त होते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। हादसे में मासूम समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। मौके पर पहुंची यूपीडा और स्वास्थ्य विभाग की 15 एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हैलट भेजा गया।
