कासगंज। जिले में डेंगू नए क्षेत्रों में अपने पैर पसार रहा है। सोरों के ब्रह्मपुरी में डेंगू की दस्तक हो गई। जबकि शहर के अशोकनगर व क्यामपुर में एक-एक और मरीज डेंगू संक्रमित निकल आया। जिले में अब तक 49 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। इनमें से बुखार व डेंगू से छह लोगों की जान जा चुकी है। शहर के अशोक नगर में संजो (50) को बुखार की शिकायत होने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर आए। जांच में उनके डेंगू की पुष्टि हुई। इसी तरह सोरों के ब्रह्मपु़री में ध्रुव (13) व क्यामपुर में सत्यभान (18) में डेंगू की पुष्टि हुई। अशोक नगर में एक दिन पहले एक मरीज डेंगू संक्रमित निकला था। जबकि क्यामपुर में अब तक तीन मरीज डेंगू संक्रमित निकल चुके हैं। इस माह में 10 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब तक 49 मरीज डेंगू संक्रमित निकल चुके हैं। जिले में डेंगू और बुखार से मौत का सिलसिला भी बना हुआ है। दो बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो चुकी है।
जिला अस्पताल में बुधवार को मरीजों की भीड़ रही। 1482 मरीज जिला अस्पताल आए। इनमें से 261 मरीज बुखार के निकले। इसमें 122 बच्चे शामिल रहे। 270 मरीज सांस की शिकायत लेकर आए। इनमें 132 बच्चे शामिल रहे। बुखार पीड़ित मरीजों में तीन डेंगू संक्रमित के अलावा छह मरीजों में टाइफाइड की पुष्टि हुई। 42 मरीज डायरिया की शिकायत लेकर आए।
वर्जन
जिन क्षेत्रों में डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं वहां टीम भेजकर जांच कराई जा रही है। इसी के साथ एंटीलार्वा दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। -डाॅ. राजीव अग्रवाल, सीएमओ
