
कासगंज में बवाल
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के अमांपुर थाने में पुलिस अभिरक्षा में कोतवाली में छह दिन से बंद युवक ने थाने के महिला शौचालय में मफलर से फांसी का फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। युवक को पुलिस ने शौचालय का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला और स्थानीय चिकित्सा ले गए जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। युवक के आत्महत्या के प्रयास की सूचना की जानकारी परिजनों और गांव के लोगों को मिली तो आक्रोश ने बवाल का रूप ले लिया। पुलिस कर्मियों से ग्रामीणों की नोंकझोंक हुई। पथराव हुआ और पुलिस ने लाठीचार्ज कर आक्रोशितों को दौड़ा दिया। लाठीचार्ज होते ही थाने का घेराव कर रहे और जाम लगा रहे लोग तितर बितर हो गए।
जानकारी के मुताबिक अमांपुर थाना पुलिस ने युवक गौरव (20) पुत्र रघुराज निवासी ग्राम रसलुआ सुलहपुर को 3 फरवरी को हिरासत में लिया था। युवक को पुलिस ने एक नाबालिग के अगवा होने के मामले में हिरासत में लिया था। 2 फरवरी को नाबालिग के पिता ने थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था और युवक पर शक जाहिर किया था। पुलिस ने दो दिन बाद नाबालिग को बरामद कर लिया और नाबालिग ने बयान में युवक का नाम लिया था, लेकिन पुलिस ने उसके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की और युवक को हिरासत में बनाए रखा। जब युवक को इस बात का एहसास हो गया कि वह इस मामले में जेल जाएगा तो उसने शुक्रवार को सुबह करीब 9 बजे के आस पास शौचालय में जाकर अपने ही मफलर से जंगले में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की।
