केंद्र व प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार है। बुंदेलखंड को कमल की तरह खिलाने का काम किया जा रहा है। स्वामी ब्रह्मानंद जी के सपनों का बुंदेलखंड बनाया जाएगा। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य राठ के ब्रह्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में क्रांतिकारी संत स्वामी ब्रह्मानंद जी के जन्मोत्सव समारोह में कहीं। उन्होंने कहा कि 2017 से 2024 तक बुंदेलखंड में बदलाव आया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से आवागमन सुलभ हुआ है। सूखे व गरीबी के कारण बुंदेलखंड पलायन के लिए जाना जाता था। केंद्र व प्रदेश सरकार ने बदलाव लाने का काम किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है। बुंदेलखंड में तीन विश्वविद्यालय बन चुके हैं। जिनके पास घर नहीं थे प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना से उनके घर बन रहे हैं। हर घर में नल से जल पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बुंदेलखंड के विकास के लिए समर्पित है। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने स्वामी ब्रह्मानंद के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। उपमुख्यमंत्री दोपहर 12.10 बजे पहुंचे और 2.50 बजेे रवाना हो गए।

Trending Videos

ब्रह्मानंद विश्वविद्यालय का आश्वासन दे गए उपमुख्यमंत्री

स्वामी ब्रह्मानंद जन्मोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वामी ब्रह्मानंद के सपनों को पूरा करने का वादा किया। कहा स्वामी जी के नाम पर विश्वविद्यालय होना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। इससे पहले 2022 विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय बनाने का वादा किया था।

उपमुख्यमंत्री ने स्वामी जी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। समिति से कहा कि विश्वविद्यालय की जो प्रारंभिक प्रक्रिया है वह आप लोग शुरू कीजिए। वह सरकार में सभी जिम्मेदारों व मुख्यमंत्री से बात करेंगे। कहा स्वामी जी के विश्वविद्यालय के सपने को पूरा करने में अपना कोई योगदान कर पाए तो उनका सौभाग्य होगा। उन्होंने कहा स्वामी जी के बारे में कुछ कहना सूर्य को दीपक दिखाने के जैसा है। जनता से कहा स्वामी जी के अधूरे सपने को पूरा करने में मुझे भी शामिल कर लीजिए। स्वामी जी की समाधि तीर्थ स्थल है जहां आना सौभाग्य की बात है। उनका पूरा जीवन त्याग, तपस्या, सेवा भाव का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में स्वामी जी का कोई स्वप्न अधूरा रह जाए यह असंभव है। एमएलसी जितेंद्र सेंगर, विधायक मनीषा अनुरागी, डॉ. मनोज प्रजापति, जयंती राजपूत, अनुपमा लोधी, पूर्व सांसद पुष्पेंद्र चंदेल, गंगाचरण राजपूत, चौधरी राजेंद्र सिंह लोधी, जिलाध्यक्ष सुनील पाठक, अरविंद मुखिया, डॉ. इंद्रपाल सिंह, प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अंबेश कुमारी, रामदुलारी अनुरागी, संतराम राजपूत, महेंद्र शुक्ला आदि रहे।

संभल की घटना सपा के सांसद और विधायक के बीच वर्चस्व की लड़ाई

उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवाल पर वह सपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे। कहा कि संभल की घटना समाजवादी पार्टी के विधायक व सांसद के बीच वर्चस्व की लड़ाई है। जिसके संघर्ष में चार लोग मारे गए। सपा गुंडा, माफिया और अपराधियों के साथ रहती है। उपचुनाव में सपा का सूपड़ा साफ हो गया। सपा के जो अध्यक्ष हैं फर्जी पीडीए की बात करते हैं। वह परिवार डेवलपमेंट एजेंसी चलाते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बुधवार को संभल जाने को लेेकर कहा कि मुस्लिम वोटो के लेकर ड्रामा( राहुल गांधी) कर रहे हैं। पहला ड्रामा सपा पार्टी ने किया था, अब दूसरा शो कांग्रेस पार्टी कर रही है। ड्रामा कर मुसलमानों का हमदर्द बताने की कोशिश की जा रही है । संभल में कोई दंगा नहीं हुआ है वहां पर कानून व्यवस्था चुस्त दुरूस्त है। उप्र का माहौल बिगाड़ने की दम किसी में नहीं है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *