
खाटू श्याम मंदिर में खुशबू के साथ तनु
– फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
दोनों छात्राओं की दोस्ती बड़ी गहरी हो गई थी। परिवार वाले भले ही कुछ नहीं बोल रहे हों मगर इन दोनों के फोटो जिन दो सोशल मीडिया एकाउंट पर पड़े हैं, वे बहुत कुछ बयां कर रहे हैं। बाकी कहानी इनकी तीसरी सहेली ने 31 जुलाई रात को पुलिस के सामने बयां कर दी। सोशल मीडिया एकाउंट में से एक आयुषतनु-जान के नाम से है, जबकि दूसरा आयुष-लवर-यूपीएससी के नाम से है। इन दोनों एकाउंट पर इनके एक दूसरे को उपहार देते आदि के फोटो पड़े हैं। जिनमें खुशबू युवक की वेशभूषा में, जबकि तनु युवती की वेशभूषा में देखी जा सकती है।
इधर, इंस्पेक्टर महुआ खेड़ा सत्यवीर सिंह के अनुसार तीसरी सहेली ने पूछताछ में जो कुछ उजागर किया। उसके अनुसार ये दोनों रतन प्रेम डीएवी इंटर कॉलेज में साथ पढ़ती थीं। वहीं इन दोनों की दोस्ती हुई। चूंकि बचपन से ही खुशबू लड़कों जैसे कपड़े पहनती आ रही थी। इसलिए वह तनु के प्रति सुरक्षा का भाव रखती आ रही थी। यह दोस्ती दोनों में बेहद गहरी हो गई। स्नातक में आते आते दोनों अलग अलग कॉलेज चली गईं। मगर करीब तीन चार माह से दोनों में जो गठजोड़ हुआ। वह चौकाने वाला था। दोनों घूमने फिरने भी जाया करती थीं। दोनों एक साथ खाटू श्याम दर्शन करने, मंगलायतन घूमने तक गईं। दोनों ने अपने अपने अलग अलग नाम से एकाउंट बना रखे थे, जिन पर वे एक दूसरे को लवर गिफ्ट देते हुए फोटो अपलोड करतीं थीं। दोनों अकेली घूमा करती थीं और साथ रहती थीं।
खुशबू के भाई-बहन ने शुरू किया था एतराज
सहेली ने पुलिस को बताया कि इन दोनों के रिश्तों की भनक खुशबू के परिवार को पहले हुई थी। क्योंकि शहर पढ़ने आने के दौरान तनु उसके घर रुका करती थी। इसी दौरान परिवार को भनक लगी। उसके भाई बहन ने एतराज शुरू किया। मिलने पर पाबंदियां लगाना शुरू किया। यहां तक कि खुशबू के भाई ने तनु को भी समझाने का प्रयास किया। मगर दोनों मानने को तैयार नहीं हुई। इसकी जानकारी तनु के परिवार को न थी। वह लगातार शहर आ रही थी। इस बीच वह खुशबू से किसी ने किसी बहाने मिलने लगी थी।
बहाने से आई थी खुशबू, परिवार ने की थी खोज
सहेली ने पुलिस को जानकारी दी कि 30 जुलाई को घर में हुए रोकटोक व प्रतिबंध के निर्णय के दौरान उसकी पढ़ाई तक रोकना तय हो गया था। इसी के चलते उसने सहेली को बुलाकर खुद घर से निकलना मुनासिब समझा। इसी बीच तनु आ गई। तीनों पहले डोमिनोज पीज्जा खाने गए। फिर एसवी कॉलेज गए और वहां से खुशबू के कॉलेज गए। इसी बीच पिता का फोन आने पर वह मां के पास अस्पताल दोनों के साथ पहुंची। वहां से वे दोनों उसके साथ घर पहुंचीं। जहां उन्होंने अब घर न जाने या आत्महत्या तक का कदम उठाने का जिक्र किया। इस बीच खुशबू के भाई का फोन आया। फिर मां का फोन आया। उसने साथ होना बताया। चार बजे के बाद में खुशबू का फोन बंद होने पर उसके भाई व बहन उसके घर आए। उसने कह दिया कि वह यहां से चली गई। फिर वे तनु के घर भी गए। मगर वहां भी न मिलने पर वे लौट गए। इसके बाद ये घटना हुई।