कानपुर के आहूजा हॉस्पिटल में अवैध तरीके से किडनी ट्रांसप्लांट किए जाने की चुगली यहीं के एक कर्मचारी ने की थी। अस्पताल के मालिकों से नाराज कर्मचारी ने कमिश्नरेट पुलिस को हॉस्पिटल में रात के वक्त अवैध किडनी ट्रांसप्लांट की जानकारी दी।
इसी आधार पर पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ हॉस्पिटल में 30 मार्च को छापा मारा, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया। फिलहाल, वह कर्मचारी पुलिस के सुरक्षा घेरे में है। उस कर्मचारी ने पुलिस को आश्वस्त किया है कि चिकित्सा पेशे को शर्मसार करने वाले इस घटनाक्रम में वह अदालत में एक अहम गवाह भी बनेगा।
