
कुंदरकी उपचुनाव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
त्योहार के समापन के साथ ही अब कुंदरकी विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव का प्रचार जोर पकड़ेगा। 13 नवंबर को मतदान होगा। ऐसे में 11 नवंबर की शाम तक ही प्रचार किया जा सकता है। संभावना है कि अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में सीएम योगी और पूर्व सीएम अखिलेश यादव इसी सप्ताह रैलियां करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी रामवीर सिंह के समर्थन में मुख्यमंत्री आठ या नौ नवंबर को रैली करने के लिए आ सकते हैं। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रभारी मंत्री अनिल सिंह, जसवंत सैनी, दानिश आजाद जैसे नेताओं का भी आना प्रस्तावित है।
साथ ही केंद्रीय मंत्रियों के भी चुनाव प्रचार में आने की संभावना है। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में हर दिन पार्टी का कोई बड़ा नेता स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव प्रचार का जिम्मा संभालेगा। वहीं, सपा और कांग्रेस के गठबंधन प्रत्याशी हाजी मो. रिजवान के समर्थन में पूर्व सीएम अखिलेश यादव की रैली प्रस्तावित है।
सपा के जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव के अनुसार अखिलेश यादव की रैली संभवत: नौ या दस नवंबर को हो सकती है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल पांच नवंबर को रैली करने के लिए पहुंचेंगे। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, शिवपाल यादव, धर्मेंद्र यादव, इंद्रजीत सरोज, कमाल अख्तर और ओम प्रकाश सिंह के भी चुनाव प्रचार में शामिल होने की संभावना है।
इसके अलावा बसपा प्रत्याशी रफतउल्ला के समर्थन में आकाश आनंद की भी रैली प्रस्तावित है। पार्टी के मुख्य सेक्टर प्रभारी निर्मल सिंह सागर के अनुसार आनंद आकाश संभवत: दस नवंबर को पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में रैली करेंगे।
