
चेयरमैन शराफत का मकान
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के फरीदपुर में नगर पालिका परिषद के चेयरमैन शराफत जारी वाले के मकान के लिंटर की शटरिंग खोलते समय सोमवार रात स्टूल से गिरे मजदूर की मौत हो गई। परिजनों ने समय पर उपचार न मिलने की बात कही। उन्होंने काम के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान न रखने का भी आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी ने मंगलवार को चेयरमैन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
रम्पुरारतन गांव निवासी नरेंद्र मौर्या (32) सोमवार सुबह सात बजे अपने घर से मजदूरी करने के लिए फरीदपुर अड्डे पर आए थे। यहां से उन्हें लिंटर की शटरिंग खोलने के लिए चेयरमैन के निर्माणाधीन मकान पर ले जाया गया। यहां मोहल्ला ऊंचा निवासी मिस्त्री के साथ पांच लोग पहले से काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नरेंद्र एक स्टूल पर चढ़े हुए थे। अचानक से पैर फिसलने की वजह से वह जमीन पर जा गिरे। गिरते ही वह अचेत हो गए।
साथ काम कर रहा मिस्त्री उन्हें लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचा। दवा खाने के बाद वह फिर से काम पर लौट आए। परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। शाम करीब चार बजे उन्हें सीएचसी ले जाया गया है। कुछ देर बाद ही नरेंद्र ने दम तोड़ दिया। नरेंद्र की मौत से उनकी पत्नी रीना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। नरेंद्र के परिवार में बेटा अनस और दो बेटियां अनुष्का और परी हैं।
