
एनएसयूआई ने चलाया हस्ताक्षर अभियान
अमेठी। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी भर्ती परीक्षा निरस्त होने एवं छह माह में दोबारा परीक्षा कराने को लेकर कुछ युवाओं में हर्ष का माहौल है। युवाओं ने कहीं लड्डू बांटकर खुशी जताई तो कहीं हस्ताक्षर अभियान चलाकर अन्य भर्ती परीक्षाओं को भी दोबारा कराने की मांग की। तमाम युवाओं ने मुख्यमंत्री के निर्णय की सराहना करते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।परीक्षा के पूर्व पेपर लीक होने को लेकर युवाओं की ओर से प्रदर्शन किया गया। सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए मिले साक्ष्य व अन्य के आधार पर शनिवार को मुख्यमंत्री ने भर्ती कैंसिल करते हुए छह माह में दोबारा परीक्षा कराई जाने की घोषणा की। युवाओं ने मिली जुली प्रतिक्रिया दी। कुछ युवाओं ने खुशी जाहिर की है।
परीक्षार्थी सौरभ तिवारी ने मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणा को सराहा। कहा कि युवाओं के भविष्य को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जो फैसला लिया है वह सराहनीय है। निवेदिता पांडेय ने कहा कि पेपर अच्छा हुआ था, लेकिन पेपर लीक होना यह परीक्षार्थियों के हित में नहीं था। मेहनत कर तैयारी करने वाले परीक्षार्थी पीछे रहते। रेशु शुक्ला ने कहा कि सरकार का निर्णय सराहना योग्य है। जिन बच्चों को कम समय मिला था वह छह माह में अपनी तैयारी बेहतर कर सकेंगे।इस बार और तैयारी के साथ परीक्षा देगी। प्रवीण शुक्ल ने कहा कि पेपर लीक करने जैसा जिन लोगों ने कृत्य किया है, उसकी विशेष एजेंसियों से जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
मिठाई खिलाकर खुशी जताई
अमेठी। जिले में देव अकादमी, स्टडी प्वाइंट, डिजिटल लाइब्रेरी समेत अन्य तैयारी करा रहे सेंटरों पर कई युवाओं ने पहुंचकर मिठाई बांटते हुए खुशी जताई। विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि युवाओं एवं अभ्यर्थियों के हित में लिया गया निर्णय है। युवा लवकुश यादव ने बताया कि पेपर लीक होने के बाद जिस तरह से अभ्यर्थियों में मायूसी थी, मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद सभी के चेहरे पर मुस्कान है। कहा कि सरकार जल्द पुनः परीक्षा सुचितापूर्ण तरीके से कराकर युवाओं को वर्दी देने का कार्य करे। चौधरी सुखराम यादव ने बच्चों के संघर्ष की जीत बताया है। इस मौके पर दीपक यादव, अनिल मौर्य, आलोक यादव, अनूप सिंह, विवेक, लवकुश आदि मौजूद रहे।
एनएसयूआई ने चलाया हस्ताक्षर अभियान
अमेठी। एनएसयूआई की ओर से शहर स्थित आरआरपीजी कॉलेज के समीप संगठन के जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्र की अगुवाई में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा आरोप/एआरओ भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर अपना विरोध जताया। इस मौके पर अमित पांडेय, आदित्य सिंह मन्नू, सौरभ सिंह, शिव किशन विश्वकर्मा, नितिन तिवारी, सूर्य प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
