
बासुकपुर गांव में पिंजरे में कैद हुई हमलावर बाघिन।
बांकेगंज। मैलानी रेंज में जंगल से सटे बासुकपुर गांव में युवक को बाघ नहीं, बाघिन ने मारा था। वन कर्मियों और पशु चिकित्सकों की टीम ने बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे शिकार को खाने के लिए गन्ने के खेत से निकलते ही ट्रैंक्युलाइजर गन से पहले ही शॉट में बेहोश कर दिया। उसे पिंजरे में बंद कर दिया गया है।
दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी ललित वर्मा ने बताया कि मैलानी रेंज की ग्रंट नंबर बीट से सटे बासुकपुर गांव आबादी के पास गन्ने के खेत में छिपी बैठी बाघिन को बेहोश करने की अनुमति पीसीसीएफ वन्यजीव से मांगी गई थी। अनुमति मिलने के बाद बृहस्पतिवार सुबह दो पशु चिकित्सक डॉ. दया शंकर और दीपक, वनाधिकारियों और वन कर्मियों की टीम मौके पर भेज कर उसे रेस्क्यू करने की कोशिश में जुट गए। उनकी मेहनत रंग लाई और शाम छह बजे करीब पशु चिकित्सकों की टीम ने नियमानुसार उसे रेस्क्यू किया गया।
बाघिन की उम्र पांच साल के करीब बताई गई है। एफडी ने बताया रेस्क्यू की गई बाघिन को मैलानी रेंज परिसर ले जाया गया है। जहां पशु चिकित्सकों की टीम से उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा जाएगा। इसके बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा। उधर बाघिन के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
