ललितपुर। महरौनी के ग्राम कुम्हेड़ी के पास सड़क दुर्घटना में 19 वर्षीय बाइक सवार शिवचरन अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई। उसे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। शिवचरन अपनी बहन को घर छोड़कर उसका सामान उठाने के लिए बस अड्डे पर रहा था।
कोतवाली थाना सौजना के ग्राम कोरवास निवासी शिवचरन की बहन सोमवार को बस से ग्राम छायन पहुंची थी। शिवचरन उसे बाइक से घर छोड़ आया था। सामान अधिक होने के कारण उसने गांव के केपी राजा को वहां छोड़ दिया था। जब वह देर शाम सामान उठाने के लिए बाइक से ग्राम छायन जा रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवचरन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
उधर, ग्राम छायन में सामान के पास खड़ा केपी राजा तीन घंटे तक शिवचरन का इंतजार करता रहा। जब शिवचरन नहीं पहुंचा तो केपी राजा रात नौ बजे गांव के दूसरे व्यक्ति को बुलाकर उसकी बहन का सामान लेकर निकला। तभी रास्ते में कुम्हेड़ी के पास जमड़ार नदी की पुलिया के पास क्षतिग्रस्त बाइक और शिवचरन का शव पड़ा मिला। केपी राजा ने इसकी जानकारी परिजनों और महरौनी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर महरौनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई वीरेंद्र ने बताया कि शिवचरन दो भाई और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसकी शादी सात माह पहले हुई थी।
