हाथरस की सिकंदराराऊ पुलिस ने अगसौली पुलिस चौकी क्षेत्र में खेत पर बनी नलकूप की कोठरी से लगभग ढाई करोड़ रुपये की कीमत के लैपटॉप, स्मार्ट रेडियो, कनेक्टर आदि इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। पुलिस ने कोठरी की रखवाली कर रहे युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस को शक है कि यह यह सामान सीधे कंपनी से चोरी किया जा रहा है। गिरोह के मुख्य सरगना अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। 

पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि मुखबिर की सूचना पर दो नवंबर की रात को पुलिस टीम ने गांव नगला कहार में खेत पर बनी कोठरी पर छापा मारा। यहां कोठरी के बाहर हृदेश निवासी भूपालगढ़ी सिकंदराराऊ बैठा था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर कोठरी से सामान बरामद किया गया। 

पूछताछ में हृदेश ने बताया कि यह सामान मोहित निवासी टीकरी कलां सिकंदराराऊ व उसके पांच साथियों ने रखवाया है। उन्हीं के कहने पर वह निगरानी कर रहा था। पुलिस ने मोहित व उसके साथियों को खोजने के भरसक प्रयास किए, लेकिन वह हाथ नहीं आया है। इससे अधिक जानकारी हृदेश से पुलिस को नहीं मिल सकी, लेकिन पुलिस को इतना यकीन है कि माल चोरी का ही है।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने एचपी कंपनी के 166 लैपटॉप, एक एचपी का लेजर जेट प्रिंटर, तीन कार्टन सिस्को कंपनी के एथरनेट कनेक्टर, एक कार्टन कंप्यूटर की विभिन्न प्रकार की चिप, चार एडेप्टर, 11 बड़े फिलिप्स कंपनी के स्मार्ट रेडियो, 107 फिलिप्स कंपनी के छोटे स्पीकर रेडियो बरामद किए हैं। इस माल की कीमत लगभग ढाई करोड़ बताई जा रही है। एसपी ने बताया कि लैपटॉप की कीमत एक लाख से लेकर साढ़े चार लाख रुपये तक है।  



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *