
एलडीए
– फोटो : amar ujala
विस्तार
एलडीए ने रविवार को मुख्तार अंसारी के करीबी एफआई बिल्डर शोएब इकबाल के अवैध निर्माणों को सील व ध्वस्त करने का सिलसिला शुरू कर दिया। बर्लिंग्टन चौराहे के पास स्थित एफआई अस्पताल को खाली कराकर सील कर दिया गया है। परिसर में ही स्थित बिल्डर सिराज इकबाल का घर व एफआई अपार्टमेंट के सातवें, आठवें और नौवें तल के फ्लैटों को सील कर दिया गया। साथ ही अपार्टमेंट के प्रथम तल पर बनीं दुकानें ध्वस्त कर दी गईं।
एलडीए की टीम ने सुबह 11:30 बजे सबसे पहले एफआई अस्पताल को खाली कराना शुरू किया। इसपर यहां के कर्मचारी हंगामा करने लगे। पर, जब पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने की कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया, तो विरोध कर रहे लोगों ने एक-एक करके किनारा कर लिया।
अस्पताल को सील करने के बाद टीम एफआई अपार्टमेंट पहुंची। यहां मानचित्र के विपरीत दो तल और पेंटहाउस का अवैध रूप से निर्माण किया गया है। अपार्टमेंट में कार्रवाई के दौरान कुछ परिवारों ने हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, यहां भी कुछ परिवारों ने घर-गृहस्थी का सामान समेटना शुरू कर दिया है। बहरहाल रविवार की कार्रवाई के दौरान वही फ्लैट सील हो सके, जिनमें परिवार नहीं रहे थे।
छह लोगों के फ्लैट तोड़ने पर रोक
अपार्टमेंट में फ्लैट खरीदने वालों में से छह लोग पहले से न्यायालय से स्टे ले आए थे, जिससे एलडीए इनपर कोई कार्रवाई नहीं कर सका।
ओमान, अबूधाबी में रह रहे लोगों के फ्लैट सील
एलडीए टीम ने अवैध तल के फ्लैट सील करने से पहले छानबीन शुरू कराई तो पता चला कि कुछ फ्लैट ओमान, अबूधाबी में रह रहे लोगों के हैं। ऐसे छह फ्लैटों में ताला लगा था। इनमें दो फ्लैट ऐसे थे, जिनपर बाहर अलग-अलग नंबर पड़े थे, पर अंदर से इन्हें एक कर लिया गया है। टीम ने पूरी जांच करने के बाद इन फ्लैटों को सील कर दिया है।
दिखाया था गैरेज, चल रही थीं दुकानें
बिल्डर शोएब इकबाल ने मानचित्र में जिस जगह पर गैराज दिखाया था, वहां पर दुकानें बनाकर बेच दीं। एलडीए टीम ने गैराज में बनी दुकानों से सामान बाहर निकलवाकर इनके शटर को बुलडोजर से तोड़ दिया। इसके बाद टीम ने अपार्टमेंट के बेसमेंट में बनी दुकानों को हथौड़े एवं घन से तोड़े।
एफआई बिल्डर पर इसलिए कार्रवाई
एलडीए के अवर अभियंता इम्तियाज अहमद ने कुछ दिन पहले कैसरबाग थाने में साजिश रचकर धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक 1987 में एफआई बिल्डर के निदेशक मोनिस इकबाल, शोेएब इकबाल, सिराज व सहयोगी माइकल ने कैसरबाग इलाके में अपार्टमेंट बनवाने की एलडीए से स्वीकृति ली थी। छह मंजिल तक निर्माण की स्वीकृति मिली थी और नक्शा पास हुआ था। पर, निर्माण आठ मंजिल तक करा लिया गया। टॉप पर एक पेंटहाउस भी बनवा दिया गया।
