संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। यात्रियों को बसों की लोकेशन की जानकारी मुहैया करने के लिए जून माह में बस अड्डे पर दो एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। उसे अभी तक शुरू ही नहीं किया जा सका है। यात्रियों को बसों की जानकारी देने के लिए एनाउंसमेंट की व्यवस्था की गई है लेकिन साउंड आवाज बसों और यात्रियों के शोर में ही दब जाती है।
बस यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करने के साथ ही बसों की लोकेशन को प्रदर्शित करने की योजना तैयार की गई थी। योजना के तहत परिवहन मुख्यालय की ओर से बस स्टैंड पर बस अड्डे पर दो एलईडी स्क्रीन के साथ ही रोडवेज की सभी बसों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया था। तीन महीने से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी स्क्रीन को शुरू नहीं किया गया है। इससे यात्रियों को बसों की लोकेशन नहीं मिल पा रही है।
इसके साथ ही बस अड्डे पर लगा साउंड सिस्टम की काफी धीमी होने के कारण यात्रियों को बसों की जानकारी नहीं मिल पाती है। क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि परिवहन मुख्यालय से बसों के समय सीमा की रूपरेखा तय की जा रही है। जिसके चलते एलईडी को शुरू नहीं किया जा सका है।
फोटो…
बसों की जानकारी के लिए कोई भी इंतजाम नहीं है। बस स्टैंड पर ही सवारियों और राहगीरों से पूछताछ कर बसों की जानकारी लेना पड़ता है। कई लोगों की तो बसें तक छूट जाती हैं। – पुुष्पा, यात्री
फोटो…
झांसी से खनियाधाना जा रहे हैं लेकिन बस अड्डे पर यात्रियों को बसों की जानकारी देने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इससे काफी परेशानी होती है। – लक्ष्मी देवी, यात्री
फोटो…
बस स्टैंड पर बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन तो लगी हैं लेकिन वह भी बंद पड़ी है। अनाउंसमेंट की आवाज भी यात्रियों तक नहीं पहुंच पाती है। व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। – पूनम, यात्री
पहले जानकारी मिली थी की अब स्क्रीन पर ही बसों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। लेकिन यहां तो स्क्रीन ही बंद पड़ी हुईं हैं। राहगीरों से बसों के आवागमन की जानकारी ली है। – प्रतीक, यात्री