
रिश्वत डेमो
– फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
अलीगढ़ में धनीपुर एयरपोर्ट के भूमि अधिग्रहण में भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेजे गए लेखपाल के कारनामों की अब विजिलेंस ने जांच तेज कर दी है। विजिलेंस की टीम बैनामों की जांच के लिए किसी भी दिन कोल तहसील आ सकती है। साथ ही, एसडीएम सहित तहसील के छह अधिकारियों व कर्मचारियों को पूछताछ के लिए आगरा बुलाया जाएगा।
पिछले सप्ताह आगरा विजिलेंस टीम ने सरोज नगर एटा चुंगी निवासी लेखपाल नारायण प्रताप सिंह को रंगेहाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। लेखपाल पर बैनामों के जरिये भूमि अधिग्रहण के बाद मुआवजा दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है। लेखपाल व पीड़ित किसान के बीच की बातचीत का ऑडियो भी वायरल हुआ था। यह ऑडियो भी विजिलेंस तक पहुंच गया है। उसे जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।
विजिलेंस के सूत्र बताते हैं कि अब एसडीएम व तहसील के छह कर्मचारियों व अधिकारियों से भी पूछताछ होगी। उन्हें आगरा बुलाया जाएगा। इससे पहले कुछ साक्ष्य संकलन व बैनामों की जांच के लिए विजिलेंस टीम किसी भी दिन तहसील पहुंच सकती है। इसके अलावा अन्य सभी साक्ष्यों को संकलित करने का काम तेजी से हो रहा है, ताकि जल्द चार्जशीट दाखिल हो सके।
