रायबरेली। बेसमेंट में संचालित शिक्षण प्रतिष्ठान पर जिले में भी कार्रवाई शुरू हो गई है। सोमवार को रायबरेली विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने अलग-अलग कांप्लेक्सों के बेसमेंट में मानकों के विपरीत संचालित लाइब्रेरी और सांई इंस्टीट्यूट को सील कर दिया। सील प्रतिष्ठानों को शहर कोतवाली की अभिरक्षा में दिया गया है।

Trending Videos

आरडीए की टीम ने 67 भवनों के बेसमेंटों को खंगाला, जिसमें दो की स्थिति बेहद असुरक्षित मिली है। आरडीए की ओर से कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद शिक्षण प्रतिष्ठानों के संचालकों में अफरातफरी मच गई है। दिल्ली की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसमेंट में असुरक्षित तरीके से संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

आरडीए की टीम पिछले कई दिनों से शहर के बहुमंजिला भवनों के बेसमेंट के खंगाल रही है। अब तक करीब 67 बेसमेंट खंगाले गए, लेकिन दो बेहद असुरक्षित मिले। किसी भी अप्रिय घटना होने पर छात्र-छात्राएं इन शैक्षिक प्रतिष्ठानों से जल्दबाजी में निकल भी नहीं सकते। आरडीए की सचिव अमृता सिंह के आदेश पर सोमवार को सहायक अभियंता राजीव कुमार, अवर अभियंता शिवम त्यागी, धनेश कुमार, जयवीर सिंह आदि इंजीनियरों की टीम ने सीलिंग की कार्रवाई की।

आरडीए की टीम ने सबसे पहले फायर स्टेशन के पास स्थित सिटी कार्ट के बेसमेंट में संचालित सांई इंस्टीट्यूट को सील कर दिया। इसके बाद पांडेय कांप्लेक्स के पास बेसमेंट में संचालित हरिओम लाइब्रेरी को भी सील कर दिया गया। बेसमेंट में संचालित कई और शैक्षिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।

प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों को ध्यान में नहीं रखा गया

सोमवार को सील किए गए दोनों शैक्षिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के मानकों को ध्यान में नहीं रखा गया। सुरक्षित बाहर निकलने के लिए सामने जगह ही नहीं है। सीढि़यों से नीचे उतरते ही सीधे प्रतिष्ठानों में ही प्रवेश कर सकते हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना के दौरान सुरक्षित निकल पाना संभव नहीं था। आरडीए की टीम ने कई और ऐसे प्रतिष्ठानों को चिन्हित किया है। जल्द ही और प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

कई और पर भी गिरेगी गाज

सुरक्षा मानकों के विपरीत बेसमेंट में संचालित मिले दो शैक्षिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया है। बेसमेंट खंगालने का काम जारी है। कई और शैक्षिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी।

– एम. अहमद, अधिशासी अभियंता, आरडीए



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *