संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहपुर
Updated Mon, 27 May 2024 01:07 AM IST
फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में सीएससी संचालक से तमंचे के बल पर लूट के मामले में पुलिस स्थानीय लुटेरों का हाथ मान रही है। बदमाशों को लूट के बाद भागने का रास्ता अच्छी तरह से पता था। लूट वाले रास्ते पर सीधा मार्ग थाने की ओर जाता है। पुलिस को जांच में थाने से पहले बदमाश बुदवन मार्ग से खागा हाईवे की ओर भागने का पता लगा है।
थाना क्षेत्र के डांडियार निवासी कमलेश गुप्ता शनिवार को प्रेमनगर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र आ रहे थे। आरामपुर बसई के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश कमलेश की बाइक में टक्कर मारकर सवा लाख नकदी भरा बैग लूट ले गए थे। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे चेक करने में पता लगा कि बदमाश लूट के बाद सीधे रास्ते थाने की ओर नहीं आए। थाने से पहले ही बदमाश बुदवन के रास्ते खागा हाईवे की ओर भागे हैं।
घटनास्थल पर रविवार को सर्विलांस टीम जांच करने पहुंची। सर्विलांस टीम ने घटनास्थल की लोकेशन में मौजूद मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया है। एसओजी, इंटेलीजेंस व थाना स्तर की टीमों ने संदिग्धों की धरपकड़ चालू की है। थानाध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि बदमाशों की तलाश में टीमें जुटी है। टीमें संदिग्धों को धरपकड़ कर पूछताछ कर रही हैं।
