
Lok Sabha election 2024
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी नगर सीट से किसी महिला को उम्मीदवार बना सकती है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की 12 सीटों में से अभी तक केवल फतेहपुर सुरक्षित सीट से महिला को प्रत्याशी बनाया है। इस वजह से संभावना है कि यह सीट महिला के खाते में जा सकती है। इतना ही नहीं दो नामों की चर्चा भी तेज है।
इनमें एक नाम नीतू सिंह का तो दूसरा नाम लोक गायिका मालिनी अवस्थी का है। नीतू सिंह संघ के विचार परिवार की सदस्य और ब्रह्मावर्त सनातन धर्म महामंडल की कोषाध्यक्ष हैं। वे सांसद सत्यदेव पचौरी की पुत्री भी हैं। मालिनी अवस्थी कानपुर की रहने वाली हैं और मुख्यमंत्री के सलाहकार व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी की पत्नी हैं।
वैसे तो भाजपा के प्रत्याशी की घोषणा 11 मार्च तक हो जानी थी, लेकिन इस बीच हरियाणा में राजनीतिक उठापटक शुरू होने और दूसरे राज्यों की लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर पार्टी हाईकमान की व्यस्तता के चलते यूपी की बाकी सीटों पर घोषणा कुछ दिन के लिए टल गई है।
पचौरी फिर पहुंचे दिल्ली
उधर, महानगर सीट से सांसद सत्यदेव पचौरी अभी भी दिल्ली में जमे हैं। एक दिन पहले रिंग रोड सहित कई बड़ी परियोजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास समारोह में शामिल होने लखनऊ गए थे। इसमें प्रधानमंत्री मोदी का ऑनलाइन संबोधन हुआ था। उसके बाद वह सीधे दिल्ली चले गए। इससे लग रहा है कि अब कानपुर सीट पर ज्यादा दावेदार नहीं हैं। एक-दो दावेदारों के बीच ही मुकाबला है।