
Lok Sabha Election
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुरादाबाद लोकसभा सीट पर इस बार जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा। इसकी वजह है कि तीसरी बार भाजपा से सर्वेश सिंह और सपा से डॉ. एसटी हसन आमने-सामने हैं। इससे पहले भी दोनों के बीच 2014 और 2019 में टक्कर हो चुकी है। जिसमें एक बार सर्वेश सिंह और एक बार डॉ. एस टी हसन को जीत मिली थी।
मुरादाबाद के फैजगंज निवासी डॉ. एसटी हसन ने 2006 में सपा के टिकट पर महानगर में मेयर का चुनाव लड़ा था। जिसमें उनका मुकाबला भाजपा की प्रत्याशी बीना अग्रवाल से हुआ था। इस चुनाव में डॉ. एसटी हसन की जीत हुई थी। 2009 में उन्होंने सपा को छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया था।
कुछ समय बाद वह समाजवादी पार्टी में वापस आ गए थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में सपा ने उन्हें मुरादाबाद लोकसभा सीट से टिकट देकर मैदान में उतारा था, लेकिन वो भाजपा के सर्वेश सिंह से चुनाव हार गए थे। 2019 में उन्होंने सर्वेश सिंह को शिकस्त देते हुए जीत हासिल की थी।
ठाकुरद्वारा के रतूपुरा निवासी सर्वेश सिंह ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट पर 1991 से लेकर 2007 तक लगातार विधायक रहे। 2007 के विधान सभा चुनाव में वह बसपा के प्रत्याशी विजय यादव से हार गए थे। 2012 के विधान सभा चुनाव में सर्वेश सिंह ने फिर से सीट पर कब्जा कर लिया था।