
भानु प्रताप वर्मा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भाजपा हाईकमान ने आठवीं बार फिर से सहज स्वभाव से पहचान बना चुके भानु प्रताप वर्मा पर विश्वास करते हुए लोकसभा का प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वह पिछले सात बार के चुनाव में केवल दो बार ही हारे हैं, जबकि पांच बार लोकसभा पहुंच चुके हैं। टिकट की घोषणा होते ही उरई के चुनाव कार्यालय में जमकर आतिशबाजी हुई। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। उनके घर कोंच में भी करीबियों ने घर में आकर उन्हें व परिवार को बधाई दी।
वर्तमान में केंद्रीय राज्य मंत्री भानु प्रताप वर्मा का राजनीतिक करियर नब्बे के दशक से शुरू हुआ। कोंच नगर पालिका में सभासद का चुनाव जीते थे। उसके बाद 1991-92 में उन्हें कोंच विधानसभा से टिकट मिला और जीत हासिल की। जालौन सीट से गया प्रसाद कोरी सांसद थे। उनके असमय निधन पर भानु प्रताप वर्मा को उपचुनाव में सांसदी लड़ाई गई। 1996 के उपचुनाव में जीत के बाद उन्हें फिर भाजपा ने आजमाया और वह खरे उतरे।
