
– फोटो : amar ujala
विस्तार
सियासी समर में आम जन के मन में उतरने के लिए यह महीना खास है। भाजपा नवरात्र व रामनवमी पर गांव- गांव पहुंच अनुसांगिक संगठनों के माध्यम से संदेश देने में जुटी है। सपा व बसपा भी ऐसे अवसर के साथ ही ईद व बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर माहौल बनाने की तैयारी में हैं। कांग्रेस मैदान में तो नहीं है, लेकिन वह भी ऐसे अवसरों को हाथ से नहीं जाने देगी। श्रावस्ती व बहराइच संसदीय क्षेत्रों में जैन धर्म के अनुयायी भी हैं तो महावीर जयंती भी इसी माह है। अप्रैल के ये अवसर राजनीतिक रूप से बेहद अहम हैं।
देवीपाटन मंडल तुलसीपुर के मां पाटेश्वरी धाम व बुद्ध स्थली श्रावस्ती बड़ा धार्मिक केंद्र है। मंडल की चार संसदीय सीटों पर पिछड़े और अनुसूचित वर्ग की बहुलता भी है। ऐसे में अप्रैल में 11 से लेकर 21 तक कई पर्व व त्यौहार पड़ रहे हैं, जिससे पार्टियों की बल्ले- बल्ले है। भले ही चारों सीटों पर प्रत्याशी तय नहीं हुए हैं, लेकिन पार्टियां कमर कसे हुए हैं।
ये भी पढ़ें – रामलला का सूर्य तिलक: अध्यात्म के माथे पर लगा विज्ञान का तिलक, इस तरह गर्भ गृह तक आएंगी सूर्य की किरणें
ये भी पढ़ें – राममंदिर में सोने की अनोखी रामायण के भी होंगे दर्शन, 1.5 क्विंटल है पुस्तक का वजन
मंडल की गोंडा व कैसरगंज संसदीय सीट के लिए 26 तो बहराइच व श्रावस्ती के लिए 29 अप्रैल से नामांकन शुरू होगा। इसके बाद चुनावी प्रचार का दौर चलेगा। निर्वाचन आयोग की निगरानी भी सख्त हो जाएगी। ऐसे में नामांकन से पहले वोटों को जोड़ने के साथ ही परंपरागत मातों को साधने का बड़ा अवसर है।
सभी दलों की तैयारी
भाजपा ने नवरात्रि में लोगों से जुड़ने की कई रणनीति तैयार की है। बूथ अध्यक्ष तक आम लोगों से संवाद करेंगे। वहीं राम नवमी के दिन आईटी सेल के साइबर योद्वा भी माहौल बनाएंगे। भाजपा आंबेडकर जयंती व महावीर जयंती के साथ ही ईद पर भी बधाई देगी। क्षेत्रीय सह संयोजक विनय मिश्र कहते हैं भाजपा सबका साथ, सबका विकास व विश्वास थीम पर लगातार काम कर रही है। सभी के साथ है और लगातार आयोजन भी कर रही है। वहीं सपा के राकेश यादव कहते हैं कि पार्टी आम लोगों के साथ है, हर त्योहार का अपना महत्व है। वहीं बसपा भी गांवों में कैडर के बीच आयोजन करने का खाका खींच रखी है।
यहां तय किए जा चुके हैं पार्टियों के प्रत्याशी
– कैसरगंज संसदीय सीट पर किसी दल की ओर प्रत्याशी तय नहीं
– गोंडा व बहराइच में भाजपा व सपा के प्रत्याशी तय
– श्रावस्ती में भाजपा का ही सिर्फ प्रत्याशी है तय
दावेदार टिकट के इंतजार में बना रहे पैठ
भले ही टिकट अभी नहीं मिला है। लेकिन विभिन्न दलों के दावेदार पार्टी की चुप्पी के बाद क्षेत्र में जुटे हैं। कैसरगंज में निवर्तमान सांसद बृजभूषण शरण सिंह क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं। ईद पर करनैलगंज में रोज इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। वहीं यहां पर विनोद कुमार शुक्ल, बैजनाथ दूबे आदि सक्रिय है। बहराइच व गोंडा में बसपा के पदाधिकारियों की सक्रियता है, अभी खुलकर कोई नाम नहीं सामने आ रहा है। श्रावस्ती संसदीय सीट से मसूद आलम खां, माधुरी वर्मा, अरमान वर्मा, निर्वतमान सांसद राम शिरोमणि वर्मा भी लगातार क्षेत्र में संपर्क बनाए हैं।
कब क्या है आयोजन
तिथि पर्व
-11 : मीठी ईद
– 14 : डा. भीमराव आंबेडकर जयंती
– 17 : राम नवमी
– 21 : महावीर जयंती
