लखनऊ विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस स्थित गंगा गर्ल्स हॉस्टल में खराब खाने के विरोध में बुधवार रात हुए छात्राओं के प्रदर्शन के मामले ने तूल पकड़ लिया है। छात्राओं ने कैमरे के सामने प्रोवोस्ट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बीती रात के प्रदर्शन के बाद प्रोवोस्ट ने उन्हें बाद में ‘दूसरे तरीके से’ देख लेने की धमकी दी है। इसके लिए प्रदर्शन के दौरान छात्राओं की तस्वीरें भी ली गई हैं।
छात्राओं का आरोप है कि प्रोवोस्ट ने यहां तक कहा है कि वह परिजनों को फोन कर यह भी बताएंगी कि आपकी बेटी सिर्फ घूमती है। इस धमकी से छात्राएं आक्रोशित और दहशत में हैं। उन्हें डर है कि आवाज उठाने के कारण झूठे आरोप में उनका भविष्य न बर्बाद कर दिया जाए, जबकि खराब खाने की बहुत बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
बुधवार रात दो लड़कियों की तबीयत बिगड़ने के बाद ही वह प्रदर्शन के लिए बाध्य हुईं। बृहस्पतिवार की सुबह एक और छात्रा कशिश की भी तबीयत बिगड़ गई जिससे अन्य छात्राएं अपनी सेहत को लेकर चिंतित हैं। कहा कि शिकायतों पर यदि समय रहते ठोस कदम उठाया गया होता तो तीन लड़कियों की तबीयत नहीं बिगड़ती। इस मामले में बृहस्पतिवार को कुलपति प्रो. जेपी सैनी और प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी हॉस्टल पहुंचे और छात्राओं से बात की। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने वीसी के सामने विस्तार से अपनी समस्याएं रखीं, लेकिन उनकी बात पूरी तरह सुनी नहीं गई। वार्ता के दौरान कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा, डीन आर्ट्स प्रो. अरविंद मोहन व डीन लॉ प्रो. आरके वर्मा भी मौजूद रहे।
अमर उजाला से की खुलकर बात
छात्राओं ने अमर उजाला टीम से खुलकर बात की। आरोप लगाया कि हॉस्टल की प्रोवोस्ट डॉ. नीतम सिंह बुधवार रात के प्रदर्शन से बेहद नाराज हैं और उन्होंने कुछ छात्राओं धमकाया है। आरोप है कि कुछ छात्राओं पर चारित्रिक टिप्पणी करते हुए उन्होंने अभद्र व्यवहार भी किया। इससे सभी छात्राओं में आक्रोश है। हालांकि, छात्राएं डर भी रही हैं कि बाद में कहीं उन्हें झूठे आरोपों में न फंसा दिया जाए।
