Gomati nagar railway station will be named after Atal Bihari Vajpayee.

गोमती नगर रेलवे स्टेशन।
– फोटो : amar ujala

विस्तार


लखनऊ शहर के सबसे प्रमुख चौराहे हजरतगंज के बाद अब गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का नाम भी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार हो गया है। 15 दिसंबर को होने वाली नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में इसे मंजूरी के लिए लाया जाएगा। बैठक का एजेंडा मंगलवार को जारी कर दिया गया। इसमें कुल 11 प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें पांच प्रस्ताव नामकरण के और चार प्रस्ताव प्रतिमा लगाने और द्वार निर्माण के हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 25 दिसंबर को जयंती है। इससे पहले नगर निगम गोमती नगर रेलवे स्टेशन का नाम उनके नाम पर करने जा रहा है। महापौर ने कार्यकारिणी और सदन की स्वीकृति की प्रत्याशा में दो दिसंबर को ही इसका प्रस्ताव मंजूर कर दिया था। अब कार्यकारिणी की बैठक में इस पर मुहर लगाई जाएगी। इससे पहले वर्ष 2018 में पूर्व प्रधानमंत्री की मृत्यु के बाद नगर निगम ने हजरतगंज चौराहा का नाम अटल चौक किया था। अयोध्या रोड पर सुरेंद्र नगर स्थित नगर निगम डिग्री कॉलेज का नामकरण भी अटल बिहारी वाजपेयी डिग्री कॉलेज किया गया था। वहीं, कानपुर रोड पर सरोजनीनगर क्षेत्र में एक अटल वन विकसित किया गया है।

ये भी पढ़ें – सवारियों से भरी बस में लगी आग, खिड़कियों से कूदने लगे लोग; टोलकर्मियों ने जान पर खेल बचाई लोगों की जान

ये भी पढ़ें – सीएम योगी ने लाभार्थियों से किया संवाद, कहा कि समृद्धि और खुशहाली की वाहक है ‘मोदी जी की गारंटी वैन’

इनका होगा नामकरण

– कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड राजाजीपुरम के एफ ब्लॉक में राधाकृष्ण मैरिज हॉल के सामने वाले चौराहे का नाम प्रज्ञान रोवर (चंद्रयान-3) के नाम पर किया जाएगा।

– लालकुआं से नाका चौराहे तक फ्लाईओवर का नाम गुरु गोविंद सिंह के नाम पर होगा।

– अलीगंज सेक्टर-सी अल्कापुरी में डीपी श्रीवास्तव के मकान से सुलभ कार्यालय तक की सड़क का नामकरण डॉ. बिंदेश्वरी पाठक के नाम पर।

– हुसैनगंज चौराहे का नामकरण महाराणा प्रताप के नाम पर होगा।

इनकी लगेंगी प्रतिमाएं, बनेंगे द्वार

– अमीनाबाद इंटर कॉलेज के पार्क के पास छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा लगाई जाएगी।

– कश्मीरी मोहल्ला में शिया धर्मगुरु स्व. खतीबे अकबर मौलाना अतहर साहब के मकान के पास उनके नाम पर द्वार का निर्माण कराया जाएगा।

– खरिका में शहीद मेजर दुर्गामल्ल की प्रतिमा लगाई जाएगी।

– महानगर गोल मार्केट चौराहा पर कैप्टन राम सिंह ठाकुरी की प्रतिमा।

– मौलवीगंज वार्ड में रिकमी लॉन्ड्री के पास अमर शहीद अहमद उल्लाशाह द्वार का निर्माण कराया जाएगा।

नक्खास बाजार में बनेगा महिला शौचालय

नक्खास बाजार में अभी कोई महिला शौचालय नहीं है। ऐसे में महिलाओं को परेशानी होती है। इसको देखते हुए वहां पर एक महिला शौचालय बनाया जाएगा। इसका प्रस्ताव भी नगर निगम कार्यकारिणी में रखा जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *