थार सवार लुटेरों ने लिफ्ट देने के बहाने से दो लोगों से नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाश पीड़ित को रास्ते में उतार कर भाग निकले। एक घटना तीन फरवरी को सरोजनीनगर और दूसरी घटना 30 जनवरी को बख्शी का तालाब इलाके में घटी। दोनों ही मामलों में बृहस्पतिवार को लूट का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने थार सवार कुछ बदमाशों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
बलराम पटेल की पत्नी किरन देवी के मुताबिक उनके पति बहराइच स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षक है। वह 30 जनवरी की सुबह बहराइच जाने के लिए कमता के पास साधन का इंतजार कर रहे थे। इस बीच एक थार सवार कुछ बदमाश वहां पहुंचे और बलराम को लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठा लिया। आरोपी उनको बक्शी का तालाब स्थित किसान पथ ले गए और रास्ते में उनसे मोबाइल फोन व 500 रुपये लूट लिए।
बदमाशों ने उनको धमकी देते हुए उतार दिया और वहां से भाग गए। इस मामले में किरन ने चार फरवरी को बक्शी का तालाब पुलिस से शिकायत की। बृहस्पतिवार को बख्शी तालाब पुलिस ने थार सवार लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज किया। डीसीपी नॉर्थ गोपाल चौधरी ने बताया कि लुटेरों की तलाश में पुलिस टीम लगी है।
सरोजनीनगर की जयराजपुर कॉलोनी आए थे
इसके अलावा फिदा हुसैन के मुताबिक कुछ दिन पहले अपने रिश्तेदार से मिलने सरोजनीनगर की जयराजपुर कॉलोनी आए थे। तीन फरवरी को घर लौटने के लिए सुबह करीब नौ बजे वह स्कूटर इंडिया चौराहे पर सवारी का इंतजार कर रहे थे। तभी एक काली थार उनके पास आकर रुकी, जिसमें चालक सहित चार अन्य लोग सवार थे। चालक ने उन्हें कानपुर तक लिफ्ट देने की बात कही और वह थार में बैठ गए। थोड़ी दूर चलने पर आरोपियों ने थार को सुनसान रास्ते की ओर मोड़ दिया। उन्होंने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
बदमाशों ने फिदा हुसैन से 54 हजार रुपये नकद, एक कीमती घड़ी और मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद, वे उन्हें पीटते हुए जनसेवा केंद्र ले गए, जहां उन्होंने उनके खाते से ऑनलाइन एक लाख रुपये और निकाल लिए। देर शाम को आरोपी उन्हें कानपुर के रनिया में छोड़कर भाग निकले। घटना से बुरी तरह भयभीत फिदा किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को आपबीती सुनाई। बृहस्पतिवार को उन्होंने सरोजनीनगर थाने में लूट का केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति के मुताबिक लूट की धारा में केस दर्ज किया गया है।
थार सवार लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़े, पूछताछ जारी
बख्शी का तालाब और सरोजनी नगर इलाके में दो लोगों से हुई लूटपाट के मामले में थार सवार कुछ बदमाशों को हिरासत में लिया है। पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस के सूत्र बताते हैं कि बदमाशों ने एक फरवरी की सुबह भी सरोजनीनगर इलाके से एक टैंकर चालक कानपुर निवासी हृदय नारायण को लिफ्ट देने के बहाने से 60 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया था। बदमाश उनको सैरपुर इलाके में एक खेत में हाथ-पैर बांध कर फेंक गए थे।
