मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सिंगापुर दौरे के पहले दिन तीन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने राज्य सरकार के साथ 19,877 करोड़ रुपये के एमओयू किए। इन समझौतों से करीब 20 हजार नए रोजगार के अवसर खुलेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निवेशकों से कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को पारदर्शी नीतिगत ढांचा, जल्द स्वीकृतियां और बेहतर बुनियादी सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

समझौता ज्ञापनों (एमओयू) में यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक पार्क और डेटा सेंटर परियोजनाओं में 6,650 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव किया। इन परियोजनाओं से शहरी विकास, औद्योगिक गतिविधियों और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को नई गति मिलने की उम्मीद है। इसी क्रम में गोल्डन स्टेट कैपिटल (जीएससी) ने उत्तर प्रदेश में 100 मेगावाट क्षमता के डेटा सेंटर की स्थापना के लिए 8,000 करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की।

प्राइवेट इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट ग्रुप (पीआईडीजी) ने नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और कृषि सह सोलर (एग्री-पीवी) परियोजनाओं में 2,500 करोड़ रुपये का एमओयू किया। इसके अतिरिक्त एवीपीएन लिमिटेड ने भी नवीकरणीय ऊर्जा और एग्री-पीवी क्षेत्र में 2,727 करोड़ रुपये के लिए एमओयू किया।

मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे के पहले दिन तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण (टीवीईटी) को सुदृढ़ करने के लिए आईटीई एजुकेशन सर्विसेज (आईटीईईएस) के साथ सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के तहत आईटीईईएस शैक्षणिक विकास, बुनियादी ढांचे में सुधार , नेतृत्व और क्षमता निर्माण, आईएसक्यू प्रमाणन और क्वालिटी एश्योरेंस जैसे क्षेत्रों में परामर्श और तकनीकी सहयोग करेगा। इसका उद्देश्य प्रदेश की कौशल व्यवस्था को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करना है।

अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट

यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में जेवर एयरपोर्ट के करीब 100 एकड़ जमीन पर अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित टाउनशिप विकसित करेगा। वर्ष 2027 में शुरु होने वाली इस परियोजना में 3,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा। लगभग 12,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

कानपुर-लखनऊ हाईवे पर लॉजिस्टिक्स पार्क

इसी ग्रुप की दूसरी परियोजना कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ भूमि में लॉजिस्टिक्स पार्क के विकास से संबंधित है। इसमें 650 करोड़ रुपये का निवेश होगा। लगभग 7,500 रोजगार सृजित होंगे। ये भी अगले साल शुरु होगी।

नोएडा/ग्रेटर नोएडा में डेटा सेंटर पार्क

तीसरी परियोजना के तहत नोएडा/ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 10 एकड़ जमीन पर 40 मेगावाट आईटी पावर क्षमता वाला हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क बनेगा। इसमें 2,500 करोड़ का निवेश होगा और लगभग 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। एमओयू के अनुसार प्रोजेक्ट वर्ष 2028 में शुरू करने की योजना है।

100 मेगावाट का डेटा सेंटर बनाएगी जीएससी ग्रीन्स

सिंगापुर की कंपनी गोल्डन स्टेट कैपिटल (जीएससी) ग्रीन्स के निदेशक सुमित नंदा ने उत्तर प्रदेश में 100 मेगावाट के डेटा सेंटर की स्थापना के लिए 8000 करोड़ का एमओयू किया है। इससे पहले सीएम के साथ बैठक में रूफटॉप सोलर परियोजनाओं, बैटरी स्टोरेज, ग्रिड सपोर्ट सॉल्यूशंस, ईवी चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर और स्वच्छ ऊर्जा संचालित ग्रीन इंडस्ट्रियल पार्कों के विकास पर चर्चा हुई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *